पालतू कुत्तों के लाइसेंस को लेकर नगर निगम लखनऊ ने सख्ती बढ़ा दी है. मंगलवार सुबह जोन-4 के गोमतीनगर इलाके में नगर निगम की पशु कल्याण टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया. विशाल खंड, विराट खंड और लोहिया पार्क के आसपास चले अभियान में बिना लाइसेंस कुत्ता पालने वाले तीन लोगों पर कार्रवाई की गई और कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
नगर निगम के मुताबिक, अभियान सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुआ. इसमें पशु कल्याण टीम के साथ प्रवर्तन दल, डॉग कैचिंग स्क्वाड और निगम के कर्मचारी शामिल रहे. चेकिंग के दौरान कई ऐसे पालतू कुत्ते भी मिले, जिनका लाइसेंस और वैक्सीनेशन रिकॉर्ड पूरा था.
जुर्माने के साथ मौके पर बनाए गए लाइसेंस
बिना लाइसेंस श्वान पालने के मामले में तीन लोगों से कुल 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके साथ ही मौके पर ही तीन नए लाइसेंस भी बनाए गए. नगर निगम के अनुसार जुर्माने और लाइसेंस शुल्क समेत कुल 18 हजार रुपये निगम कोष में जमा हुए.
लखनऊ में करीब 10 हजार पालतू कुत्ते
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में करीब 10 हजार पालतू कुत्ते हैं, जबकि अब तक सिर्फ करीब 3,400 लाइसेंस ही बनाए गए हैं. नगर निगम का कहना है कि लाइसेंस चेकिंग अभियान का उद्देश्य पालतू कुत्तों का रिकॉर्ड व्यवस्थित करने के साथ-साथ सार्वजनिक सुरक्षा, स्वच्छता और रैबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करना भी है.
रैबीज वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र जरूरी
नगर निगम के मुताबिक, कुत्ते का लाइसेंस रैबीज टीकाकरण प्रमाणपत्र और पालतू पशु अनुज्ञप्ति, नियंत्रण तथा विनियमन उपविधि-2025 के पालन संबंधी शपथ पत्र के आधार पर जारी किया जाता है. पालतू कुत्ते का लाइसेंस नगर निगम की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बनाया जा सकता है. इसके अलावा पशु कल्याण अधिकारी कार्यालय, लालबाग में भी आवेदन किया जा सकता है. नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित पशु चिकित्सालयों और पेट क्लीनिकों पर भी लाइसेंस बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई है.
कुत्ते को घुमाते समय लीश का इस्तेमाल जरूरी
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने पालतू कुत्ता मालिकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से लाइसेंस बनवाएं और समय पर रैबीज का टीकाकरण कराते रहें. उन्होंने कहा कि कुत्ते को बाहर टहलाते समय मजबूत लीश का इस्तेमाल जरूर किया जाए. नगर निगम की टीम आगे भी अलग-अलग इलाकों में लाइसेंस और वैक्सीनेशन की जांच करती रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं