- झांसी में चोर होंडा सिटी कार से बकरियां चुराने आते थे.
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. साथ ही 5,260 रुपये कैश और कार बरामद की गई है.
- आरोपी ने बकरियों को मंडी में बेच दिया और रकम बांटकर पार्टी की.
उत्तर प्रदेश के झांसी से बकरी चोरी का हाईटेक तरीका इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है. हैरत की बात यह है कि बकरी चोर पैदल नहीं, बल्कि होंडा सिटी कार से बकरियां चुराने आते थे. सीपरी बाजार पुलिस ने गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही कार और कैश भी बरामद किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
मामला झांसी जनपद के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लहरगिर्द का है. यहां रहने वाले विवेक यादव ने सीपरी बाजार थाना पुलिस से शिकायत करते हुए बताया था कि 21 नवंबर को उनके बाड़े से 4 बकरियां और 2 बकरे चोरी हो गए हैं. झांसी के चोरों का यह कारनामा सुनकर हर कोई हैरान है. सबसे ज्यादो चोरों के तरीकों पर चर्चा हो रही है. झांसी में चोर पैदल नहीं, बल्कि होंडा सिटी कार से बकरियां चोरी करने पहुंचते थे. अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरों को अपने चंगुल में ले लिया है.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और चोरों की तलाश शुरु कर दी. पुलिस ने मकसद नाम के बकरी चोर को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से पुलिस को 5,260 रुपए कैश, होंडा सिटी कार और लोहे का टायर लीवर मिला है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछ-ताछ में बताया कि वह अपने दो साथियों सलमान और आलिम के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में बकरियां चोरी करता था. चोरी की गई 6 बकरियों को मंडी में 20 हजार रुपये में बेच दिया था. तीनों ने रकम आपस में बांट ली और कुछ पैसे शराब और दावत में खर्च कर दिए. पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें | झांसी में पानी की जगह हैंडपंप से निकलने लगी शराब, जमीन के नीचे दबा मिला अवैध टैंक
यह भी पढ़ें | झांसी में 40 दिन का रेल ब्लॉक, ग्वालियर से चलेगी ताज एक्सप्रेस, 4 ट्रेन रद्द... कई के बदले रूट और प्लेटफॉर्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं