- कानपुर के पनकी बॉयज हॉस्टल में एक डिलीवरी बॉय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
- मृतक की पहचान बरेली के 30 साल के केशव कुमार के रूप में हुई, जो पिछले एक साल से कानपुर में रह रहा था
- पुलिस ने कमरे से तेज बदबू आने पर दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया, जो फंदे से लटका हुआ था
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है.पनकी के एक बॉयज हॉस्टल में एक डिलीवरी बॉय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हैरानी की बात यह है कि करीब 6 दिन तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. कमरे से जब तेज दुर्गंध आने लगी तब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा. अंदर का नजारा देख पुलिस भी सन्न रह गई.हॉस्टल के कमरे में बरेली के डिलीवरी बॉय का शव फंदे से लटका हुआ था. कमरे से तेज बदबू आ रही थी. शव करीब 5 से 6 दिन पुराना लग रहा था. पुलिस को मौके से एक डायरी भी मिली है, जिसमें लिखे सुसाइड नोट ने इस घटना को और भी रहस्यमयी बना दिया है.
डिलीवरी बॉय ने हॉस्टल में की आत्महत्या
मृतक की पहचान बरेली के रहने वाले 30 साल के केशव कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले करीब एक साल से कानपुर में रहकर डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था. वह पनकी रोड स्थित बॉयज हॉस्टल में रहता था. सोमवार को जब बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी, तो हॉस्टल के अन्य छात्रों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ दिया.
कमरे से आ रही थी तेज बदबू
अंदर का मंजर बेहद भयावह था. केशव का शव फंदे से लटका हुआ था और कई दिन पुराना होने की वजह से पूरे कमरे में असहनीय बदबू आ रही थी. पुलिस ने पहले कमरे में केमिकल स्प्रे का छिड़काव करवाया फिर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस को मौके से एक डायरी मिली, जिसमें सुसाइड नोट था.नोट में जीवन और मृत्यु के दर्शन जैसी बातें लिखी गई थीं. इसमें लिखा था-चाहे अच्छे हों या बुरे, कर्म करते जाओ...एक दिन सबको मरना है, इसलिए कर्म करते जाओ." इस नोट को पढ़कर पुलिस अधिकारी भी हैरान हैं. पुलिस मौत की असल वजह तलाशने में जुटी है.
डायरी में मिला हैरान करने वाला सुसाइड नोट
कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव 5 से 6 दिन पुराना लग रहा है. उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बरेली में मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. कल्याणपुर पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की लिखावट का मिलान कराया जा रहा है. मृतक के मोबाइल और कॉल डिटेल्स के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर उसने यह आत्मघाती कदम किस तनाव या वजह से उठाया.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं