- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में 45 वर्षीय नियाज बानो और उसके आठ वर्षीय नाती अफनान की गला दबाकर हत्या हुई थी
- आरोपी आजिम ने पूछताछ में बताया कि वह महिला से एकतरफा प्यार करता था और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की थी
- महिला के विरोध करने पर आरोपी ने गुस्से में उसका और उसके नाती का गला दबाकर हत्या कर दी थी
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हुए महिला और उसके नाती के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में गांव के ही रहने वाले आरोपी आजिम उर्फ अजीम को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह महिला से एकतरफा प्यार करता था और उससे शारीरिक संबंध बनाना चाहता था. जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.
13-14 नवंबर की रात हुई थी वारदात
यह मामला बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव का है. 13 और 14 नवंबर की रात 45 वर्षीय नियाज बानो और उसके आठ वर्षीय नाती अफनान की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने तुरंत कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की और लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही.
महिला के विरोध पर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नियाज बानो से एकतरफा प्यार करता था. घटना वाली रात वह उसके घर पहुंचा था और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था. महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने गुस्से में उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
इसी दौरान कमरे में महिला का नाती अफनान पहुंच गया. आरोपी को डर था कि बच्चा घटना के बारे में किसी को बता देगा. इसलिए उसने उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी रातोंरात दिल्ली भाग गया था.
रिश्तेदारी का भी था संबंध
जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि नियाज बानो रिश्ते में उसकी भाभी लगती थी. वह लंबे समय से उसके प्रति एकतरफा आकर्षण रखता था. पुलिस के अनुसार आरोपी की अपनी पत्नी से भी अनबन चल रही थी. नियाज बानो दिल्ली में अपने बेटों के साथ रहती थी और घटना से दो दिन पहले ही गांव आई थी. आरोपी भी उसके पीछे-पीछे गांव पहुंच गया था.
पुलिस टीम को मिला इनाम
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने महिला से अवैध संबंध बनाने की कोशिश तथा विरोध पर हत्या करने की बात स्वीकार की है. खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं. पुलिस ने घटनास्थल का सीन रीक्रिएशन भी कराया और आरोपी का परिजनों से आमना-सामना कराया. मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है.
यह भी पढ़ें | यूपीः बेटी के अफेयर का विरोध कर रही थी मां, प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं