- सीएम योगी आदित्यनाथ ने NDTV के क्रिएटर्स मंच पर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हैट्रिक लगाने की बात कही
- योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान फैलाई गई अफवाहों के बाद जनता में जागरुकता आई और अब सफाचट का संकल्प है
- योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जाने वाले विपक्षी नेताओं से रामभक्तों से माफी मांगने की अपील की
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में NDTV के क्रिएटर्स मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि 2027 का विधानसभा चुनाव पिछले दो इलेक्शन से अलग कैसे है? योगी ने कहा कि भारतीय राजनीति में भाजपा काशी की तरह ही अविनाशी है. हर हाल में हैट्रिक लगेगा. यह लगने के बाद आपसे फिर बात करेंगे.
2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों से सबक को लेकर सीएम योगी ने कहा कि हर चुनाव की अपनी एक रणनीति होती है. सारी एंटी इंडिया फोर्सेज मिलकर चुनाव को प्रभावित कर रही थीं. इलेक्शन के दौरान संविधान और आरक्षण जैसे मसलों पर बहुत सारी अफवाहें फैलाई गई थीं. चुनाव के बाद लोगों की आंखें खुलीं कि हमारे साथ छल हुआ. तब इन लोगों ने फटाफट की बातें की थीं. अब जनता का संकल्प है कि हमें सफाचट करना है.
अयोध्या जाने के साथ ही रामभक्तों से माफी भी मांगें अखिलेश- योगी
अखिलेश यादव को राम मंदिर जाने का चैलेंज था, अब वह वहीं जा रहे हैं. क्या वह आपकी पिच पर हैं? इस सवाल पर सीएम ने कहा कि हम भी यही चाहते हैं कि वह हमारी पिच पर आकर खेलें. आपको मालूम होगा कि दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है. हम चाहते हैं कि चुनाव आने से पहले वह हमारी नाव से सवारी करें. उन्होंने कहा कि हमारी खुशी है कि जिस अयोध्या आंदोलन का उन्होंने विरोध किया था. अब वहां जाएंगे. हमारे नारे थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. तब ये लोग डंडे बरसाते थे. आज किस मुंह से वे अयोध्या जाएंगे. मेरा कहना है कि अयोध्या जाने के साथ ही रामभक्तों से माफी भी मांगें.
यूपी की 10 साल पहले की छवि और आज की पहचान सबके सामने है- सीएम
इस सवाल पर कि विपक्ष को लग रहा है कि फॉर्मूला क्रैक कर लिया है. अखिलेश यादव अब पीडीए ++ पर हैं. क्या आपको लगता है कि इससे भाजपा के लिए चैलेंज बढ़ेगा? सीएम योगी ने कहा कि हर दल को अपनी रणनीति बनाने की स्वतंत्रता है. राजनीति विश्वसनीयता की होती है. ये लोग कैसे उस पर खरा उतरेंगे. उन्होंने पूछा कि आज से 10 साल पहले यूपी की छवि क्या थी. यूपी के नौजवान के सामने पहचान का संकट था. यूपी का गरीब भूख से मरता था. अन्नदाता किसान आत्महत्या करता था. अराजक माहौल में बेटियां कितना असुरक्षित थीं. उसकी कल्पना उस दौर के यूपी से कर सकते हैं. ये जब भी कोई आयोजन होता है तो उपद्रव जरूर करते हैं. इनका काम ही है, उपद्रव, तोड़फोड़, लूट, कब्जा और कर्फ्यू. यूपी के लोग अब कोई गलत नहीं होने देंगे ताकि फिर से कोई उपद्रव हो.
NDTV क्रिएटर्स मंच: संस्कृति, कला और विचारों का मंच
काशी के नमो घाट पर आयोजित NDTV क्रिएटर्स मंच पर देश की चर्चित हस्तियां पहुंच रही हैं. यहां संस्कृति, कला और विचारों का मंच सजा है. इसकी शुरुआत यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के इंटरव्यू के साथ हुई. वहीं केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी इसमें शामिल हो रहे हैं. साथ ही सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी और नम्रता अदाणी भी सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगे. मंच पर संगीत से लेकर साहित्य और फैशन से लेकर अर्थशास्त्र क्षेत्र से देश की कई बड़ी हस्तियां अपने विचार साझा करेंगी.
इसे भी पढ़ें: यूपी में Gen-Z प्रोटेस्ट क्यों नहीं हुए? CM योगी ने NDTV को बताई वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं