- सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या सनातन धर्म की आस्था का प्रतीक है. इसके साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
- सीएम ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भगवान राम और अयोध्या को नकारते थे वे हमें आस्था सिखा रहे हैं
- सीएम योगी ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर कहा कि SIT की रिपोर्ट आते ही तुरंत कारर्वाई शुरू हो गई.
उत्तर प्रदेश के देवरिया पहुंचे सीएम सीएम योगी आदत्यनाथ ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आते ही तुरंत कार्रवाई शुरू हो गई. अयोध्या दौरे पर मैंने 19 जून को ये बात पहले ही कह दी थी. अयोध्या हम सबके आस्था की प्रतीक है और भारत के सनातन धर्म की आस्था की प्रतीक है. अयोध्या पर आक्षेप मत करो, प्रभु श्री राम की मर्यादा का पालन करना सीखो. सीएम योगी ने कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं है. सनातन आस्था के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा वह उसका भुक्तभोगी होगा. किसी को भी छूट नहीं दी जा सकती.
ये लोग कहते थे-राम हुए ही नहीं
सपा और अखिलेश यादव पर हमलावर सीएम योगी ने कहा कि जो लोग आज आक्षेप कर रहे हैं, इनकी मंशा अच्छी नहीं है. ये वो लोग हैं जो लोग भगवान राम और अयोध्या को नकार चुके थे और कहते थे कि राम हुए ही नहीं. लगातार न्यायालय में मुकदमा लड़ते रहे, वकीलों की फौज राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के खिलाफ खड़ी करते रहे और दूसरा पक्ष वो है जो जय श्री राम बोलने पर लाठी और गोली चलाते थे.अब ये लोग हमें आस्था का मतलब बताएंगे. ये रामनवमी पर दंगा करवाते थे और कावड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे. राम मंदिर को लेकर जब भी मामला सामने आया तो सरकार ने पहले दिन ही कहा था कि दूध का दूध पानी का पानी होगा. मैं फिर कहता हूं कि रामभक्तों की अग्निपरीक्षा मत लो, उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ मत करो, प्रमाण है तो एसआईटी को सबूत पेश करो.
#WATCH | देवरिया, उत्तर प्रदेश | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "...एक पक्ष कहता था कि राम हैं ही नहीं यानी अयोध्या को भी ये लोग नकारना चाहते थे। लगातार न्यायालय में मुकदमा लड़ते रहे, वकीलों की फौज राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के खिलाफ खड़ी करते रहे और दूसरा पक्ष वो है जो जय… pic.twitter.com/Rol7DUEhI9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 26, 2026
आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
सीएम योगी ने कहा कि मैंने 19 जून को अयोध्या दौरे पर कहा था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी. देख लीजिए कि एसआइटी रिपोर्ट आते ही कार्रवाई शुरू हो गई है. जन आस्था के साथ जो खिलवाड़ करेगा, उसके साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम किया जाएगा.
केजरीवाल पर सीएम योगी का निशाना
अयोध्या पहुंचे केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि दिल्ली से भी एक सज्जन आज वहां पहुंचे हैं. मैं उनसे भी कहना चाहता हूं कि दिल्ली की जनता ने उन्हें कई सालों तक मौके दिए, लेकिन उन्होंने दिल्ली को भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया. अगर आम आदमी पार्टी भी दिल्ली के साथ वैसा ही न्याय करती जैसा डबल-इंजन वाली बीजेपी सरकार ने अयोध्या के साथ किया है, तो दिल्ली भी अयोध्या धाम की तरह ही जगमगा उठेगी.
उपद्रव करने वाला सात पीढ़ियों तक भुगतेगा
सीएम योगी ने उपद्रवियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आज मोहर्रम पर जो भी उपद्रव करेगा तो सात पीढ़ियों तक भुगतेगा. उन्होंने कहा कि उपद्रवियों का कहीं कोई अता पता नहीं है. आज कोई शस्त्र नहीं निकल रहा. उत्सव के माहौल में कोई उपद्रव नहीं कर सकता. ऐसा करने वाला भुगतेगा.
ये भी पढ़ें-चंपत राय को क्लीन चिट नहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी में VHP अध्यक्ष का बयान, इस्तीफे पर भी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं