विज्ञापन

AAP छोड़कर BJP में आने वाले राघव चड्ढा को पंजाब में बड़ी जिम्मेदारी, हरभजन सिंह को भी मिली जगह

पंजाब में भाजपा ने दो नई समितियां बनाई हैं. इन समितियों में आम आदमी पार्टी छोड़कर आने वाले सांसदों को भी जगह दी गई है.

AAP छोड़कर BJP में आने वाले राघव चड्ढा को पंजाब में बड़ी जिम्मेदारी, हरभजन सिंह को भी मिली जगह
राघव चड्ढा और हरभजन सिंह. (फाइल फोटो)
IANS
अमृतसर:

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. भाजपा ने उन्हें पंजाब की घोषणापत्र कमेटी में जगह दी है. उनके साथ-साथ आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले पांच और राज्यसभा सांसदों को भी भाजपा की घोषणापत्र और चार्जशीट कमेटी में शामिल किया गया है. 

भाजपा की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य-स्तरीय इन दो समितियों का गठन किया है. ढिल्लों ने कहा कि आने वाले दिनों में और भी समितियों की घोषणा की जाएगी.

किस समिति में कौन?

घोषणापत्र समिति

बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व सांसद अविनाश राय इस समिति के अध्यक्ष होंगे. इस समिति में 13 सदस्य हैं.

12 सदस्यों में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखरी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एचएस फुल्का शामिल हैं.

चार्जशीट कमेटी

वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद सुनील जाखड़ को चार्जशीट कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है. उनके अलावा इसमें 13 और सदस्य होंगे.

13 सदस्यों में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

AAP से BJP में आने वाले कौन-कौन?

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आने वाले तीन सांसद- राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को घोषणापत्र समिति में शामिल किया गया है.

वहीं, AAP पंजाब के पूर्व रणनीतिकार संदीप पाठक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी चार्जशीट कमेटी में हैं. यह समिति पंजाब में AAP सरकार के खिलाफ भाजपा का पक्ष तैयार करने के लिए बनाई गई है. 

इस समिति में स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं, जो दिल्ली से राज्यसभा सदस्य हैं. स्वाति मालीवाल भी पहले आम आदमी पार्टी में ही थीं.

अप्रैल में AAP से BJP में आ गए थे 7 सांसद

इस साल अप्रैल में आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद भाजपा में आ गए थए. राघव चड्ढा ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया था.

उसी दिन संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी भाजपा में शामिल हो गए थे. पाला बदलने वाले सांसदों की संख्या दो-तिहाई से ज्यादा थी, इसलिए उन पर दलबदल कानून लागू नहीं हुआ.

इस तरह आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से सिर्फ तीन ही बचे हैं. इनमें संजय सिंह, एनडी गुप्ता और बलबीर सिंह सीचेवाल शामिल हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

दोनों समितियों में कई बाहरी!

पंजाब में भाजपा की दोनों समितियों में कई ऐसे नाम हैं, जो पाला बदलकर भाजपा में आए हैं. 

चार्जशीट समिति में शामिल सुशील रिंकू भी आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए हैं, और इससे पहले वह कांग्रेस में थे. मार्च 2024 में पाला बदलने से पहले, वह AAP के जालंधर लोकसभा सांसद थे.

दोनों समितियों के कई अन्य सदस्य भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं. इनमें पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़ शामिल हैं, जिनका परिवार चार दशकों से भी लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़ा रहा था.

इसके अलावा, पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल भी हैं, जो पहले अपने चाचा प्रकाश सिंह बादल की शिरोमणि अकाली दल (SAD) में थे.

साथ ही, पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी हैं, जिनके दादा बेअंत सिंह कांग्रेस के मुख्यमंत्री थे. इनके अलावा, पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर (कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी) और राज्य के पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी भी इसमें शामिल हैं.

बरनाला से कांग्रेस के पूर्व विधायक ढिल्लों को 28 मई को पंजाब भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. ढिल्लों जून 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raghav Chadha, Harbhajan Singh, Punjab Chunav 2027, Punjab Election 2027, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com