- CM योगी 19 नवंबर को गोरखपुर में प्रदेश के पहले फॉरेस्ट्री और हॉर्टिकल्चर विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे.
- कैंपियरगंज क्षेत्र में लगभग 50 हेक्टेयर में बन रहे इस विश्वविद्यालय की लागत लगभग चार सौ नब्बे करोड़ रुपये है.
- विश्वविद्यालय में बीएससी से लेकर पीएचडी तक वन, पर्यावरण, बागवानी और संबंधित विषयों में उच्च शिक्षा दी जाएगी.
उत्तर प्रदेश में शिक्षा, कृषि और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 19 नवंबर को गोरखपुर जिले को प्रदेश के पहले फॉरेस्ट्री और हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी की ऐतिहासिक सौगात देंगे. सीएम योगी कैंपियरगंज क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे. पहले इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास 2 नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन मुख्यमंत्री की दूसरी व्यस्तताओं की वजह से कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा था. अब 19 नवंबर की तारीख तय होने के बाद प्रशासन और वन विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.
कैंपियरगंज इलाके में करीब 50 हेक्टेयर के विशाल भूभाग पर इस विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा. इस पूरे प्रोजेक्ट पर 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी. शासन स्तर से इसके निर्माण कार्य को दो वर्ष की समयसीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
बीएससी से लेकर पीएचडी तक की होगी पढ़ाई
इस विश्वविद्यालय के शुरू होने से वन, पर्यावरण और बागवानी के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा. यहां स्नातक (B.Sc), परास्नातक (M.Sc), पीएचडी (PhD) और विभिन्न डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाएंगे. फॉरेस्ट और हॉर्टीकल्चर के अलावा वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री और फल व बागवानी विज्ञान पर गहन शोध और अध्ययन होगा.
लैब से सीधे खेतों तक पहुंचेगी रिसर्च
इस विश्वविद्यालय का मकसद सिर्फ डिग्री बांटना नहीं, बल्कि प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाना और जैव विविधता को संरक्षित करना भी है. विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किए गए शोध के नतीजों को सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा. इसके लिए परिसर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलेंगे, जिससे पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश के किसान बागवानी और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे.
हाईटेक कैंपस में होंगी ये आधुनिक सुविधाएं
विश्वविद्यालय परिसर को पूरी तरह आधुनिक और आवासीय स्वरूप में विकसित किया जाएगा. प्रस्तावित मास्टर प्लान के तहत यहां भव्य प्रशासनिक भवन, दो अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक, एक विशाल केंद्रीय पुस्तकालय और एक बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा. इसके अलावा, छात्रों के रहने के लिए 895 की क्षमता वाला छात्रावास, शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए 401 आवासीय इकाइयां, एक समर्पित किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह का भी निर्माण किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- संगम नगरी प्रयागराज में बसाई जाएंगी 3 नई हाईटेक टाउनशिप, 900 हेक्टेयर के प्रोजेक्ट में दिल्ली-बिहार के लोग भी खरीद सकेंगे फ्लैट और प्लॉट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 सितंबर 2024 को कैंपियरगंज में राज्य का पहला वानिकी विश्वविद्यालय खोलने का ऐलान किया था. इसके बाद कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया गया. इसी कड़ी में 17 अगस्त को 'उत्तर प्रदेश वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय अधिनियम' को मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद अब शिलान्यास की घड़ी आ गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं