मोतिहारी हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत स्थित वार्ड नंबर 14 में छठ घाट की तैयारी को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस घटना में कई लोग घायल हो गए. विवाद की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. बताया जाता है कि छठ घाट की तैयारी के दौरान एक बाइक सवार युवक तेज गति से वहां से गुजर रहा था. घाट की तैयारी कर रहे लोगों ने उसे धीमी गति से बाइक चलाने को कहा. इसी बात को लेकर कहासुनी हुई. आरोप है कि युवक बाद में कुछ लोगों के साथ घाट पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. इस दौरान ईंट-पत्थर चलने के साथ लाठी-डंडे और बांस से मारपीट की बात सामने आई.
विवाद की सूचना के बाद डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई. जिला और अनुमंडल स्तर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई. तीन छठ घाटों पर पुलिस की निगरानी में छठ व्रतियों ने शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न किया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा ने फोन पर बात करने के दौरान बताया कि दो बाइक चालकों के आपस में सट जाने को लेकर हल्का विवाद हुआ था. इसके बाद छठ घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और शांतिपूर्ण तरीके से छठ व्रत संपन्न कराया गया. उन्होंने कहा कि मामले को दो समुदायों के बीच विवाद नहीं माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं