विज्ञापन

दोपहर की 10 बड़ी खबरें: यमुना प्रदूषण पर SC का डंडा, कुलगाम में 2 आतंकी ढेर, पंचायत-5 पर बड़ा अपडेट

यमुना प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती, कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट का एनकाउंटर, अग्निवीरों को स्थायी नौकरी का भरोसा, बिलकिस बानो केस में राहत और आजम खान की जेल वापसी समेत पढ़ें दोपहर की 10 बड़ी खबरें.

दोपहर की 10 बड़ी खबरें: यमुना प्रदूषण पर SC का डंडा, कुलगाम में 2 आतंकी ढेर, पंचायत-5 पर बड़ा अपडेट

यमुना पर सख्त हुआ सुप्रीम कोर्ट, कहा- राज्यों-जिलों पर लगेगा जुर्माना, जिम्मेदार अधिकारियों से भी होगी वसूली

यमुना नदी के बढ़ते प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है. कोर्ट ने कहा कि नदी की सफाई पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन प्रदूषण कम होने के बजाय बढ़ता गया. जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस मनमोहन की पीठ ने कहा कि यमुना की हालत नदी किनारे बसे शहरों और गांवों के प्रशासनिक कुप्रबंधन को दिखाती है. कोर्ट ने CPCB को यमुना और प्रमुख नालों के पानी की गुणवत्ता की निगरानी का निर्देश दिया है और साफ किया है कि किसी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश या जिले से गुजरने के दौरान पानी की गुणवत्ता खराब होती है तो संबंधित प्रशासन पर जुर्माना लगाया जाएगा. जांच के बाद प्रदूषण फैलाने वालों और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों से भी वसूली की जा सकेगी. 

मजदूरों की टारगेट किलिंग और CRPF पर हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट समेत दो आतंकी एनकाउंटर में ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकी लतीफ भट मुठभेड़ में मारा गया. बताया जा रहा है कि लतीफ भट लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था और पहलगाम आतंकी हमले के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई थी. सुरक्षाबलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया, जिसके दौरान मुठभेड़ में उसका खात्मा कर दिया गया. आतंक विरोधी अभियान के तहत इसे सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

अग्निवीरों के लिए खुशखबरी, 6 साल की सेवा पूरी करते ही स्थायी नौकरी का रास्ता साफ

अग्निवीरों के भविष्य को लेकर चल रही बहस के बीच चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने बड़ा भरोसा दिलाया है. उन्होंने कहा कि 6 साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए स्थायी रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न सरकारी क्षेत्रों में उनके लिए अवसर बढ़ाए जा रहे हैं. CDS ने कहा कि अग्निपथ योजना का उद्देश्य सिर्फ सैन्य सेवा नहीं, बल्कि युवाओं को प्रशिक्षित और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना भी है.

खबर विस्तार से पढ़ें: 6 साल बाद हर अग्निवीर को मिलेगी पक्की नौकरी, CDS ने कर दिया बड़ा ऐलान

बिलकिस बानो केस में SC से दो दोषियों को राहत, उम्रकैद की सजा पर लगाई रोक

गुजरात के चर्चित बिलकिस बानो गैंगरेप मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों को अंतरिम राहत देते हुए उनकी उम्रकैद की सजा पर रोक लगा दी है. अदालत ने मामले की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए यह राहत दी. हालांकि, दोषियों की सजा पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और मामले में आगे की सुनवाई जारी रहेगी. बिलकिस बानो केस 2002 के गुजरात दंगों से जुड़ा देश के सबसे चर्चित मामलों में से एक रहा है, जिस पर समय-समय पर अदालतों में सुनवाई होती रही है.
खबर विस्तार से पढ़ें: बिलकिस बानो गैंगरेप के दो दोषियों की उम्रकैद की सजा सुप्रीम कोर्ट ने की निलंबित, जमानत दी

SC-ST आरक्षित सीटों के रोटेशन पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, कहा- यह सरकार का अधिकार

सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र में SC-ST आरक्षित सीटों के रोटेशन को लेकर दाखिल याचिका खारिज करते हुए कहा है कि किसी मतदाता या उम्मीदवार को किसी खास सीट को आरक्षित कराने का अधिकार नहीं है. अदालत ने स्पष्ट किया कि आरक्षित सीटों का रोटेशन किस तरह होगा और उसकी समयसीमा क्या होगी, यह सरकार के विवेकाधिकार का विषय है. कोर्ट ने 2025 के संशोधन के बाद होने वाले अगले चुनाव को रोटेशन का पहला चुनाव मानने वाले नियम को भी सही ठहराया और कहा कि यह आरक्षण या रोटेशन की अवधारणा के खिलाफ नहीं है.खबर विस्तार से पढ़ें: SC-ST आरक्षित सीटों का रोटेशन कब और कैसे होगा, यह सरकार तय करेगी: सुप्रीम कोर्ट

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सफर होगा और तेज, मुजफ्फरनगर में बन रहे 2 नए फ्लाईओवर

दिल्ली-देहरादून रूट पर मुजफ्फरनगर के फलौदा और भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर बन रहे दो फ्लाईओवर जल्द शुरू होने वाले हैं. इनके शुरू होने से 20 से ज्यादा गांवों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, जबकि दिल्ली, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून की यात्रा भी तेज और आसान हो जाएगी. फ्लाईओवर पुराने NH-58 रूट पर बन रहे हैं और फिलहाल निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. इससे स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों, छात्रों और गन्ना किसानों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है.

खबर विस्तार से पढ़ें: दिल्ली से देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश का सफर होगा तेज, फलौदा-भूराहेड़ी में बन रहे 2 फ्लाईओवर 

ED रिमांड खत्म, आजम खान फिर पहुंचे जेल; कोर्ट ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को ED की चार दिन की रिमांड पूरी होने के बाद सोमवार को गाजियाबाद स्थित CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया. अदालत ने उन्हें 10 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजने का आदेश दिया. उत्तर प्रदेश में चुनावी गतिविधियां तेज होने के बीच हुई इस पेशी के दौरान आजम खान शांत नजर आए और उनके चेहरे पर उदासी दिखाई दी.

लंदन में हलाल मीट पर बवाल, भारतीय रेस्तरां के बाहर जुटी भीड़; सिख मालिक गिरफ्तार

ब्रिटेन के हरमन सिंह कपूर के रेस्तरां सिंह्स डाइनिंग के बाहर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब रेस्तरां ने हलाल मीट न बेचने का फैसला किया और बाहर "हमें गर्व है कि हम हलाल नहीं बेचते" का बोर्ड लगाया. इसके बाद लंदन के हैमरस्मिथ इलाके में रेस्तरां के बाहर सैकड़ों लोग प्रदर्शन के लिए जुट गए और हालात संभालने के लिए मेट्रोपॉलिटन पुलिस को तैनात करना पड़ा. बाद में रेस्तरां मालिक हरमन सिंह कपूर को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. कपूर का दावा है कि उन्होंने कई दिनों से अपने परिवार और कारोबार की सुरक्षा के लिए पुलिस से मदद मांगी थी. इस पूरे विवाद ने ब्रिटेन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक मान्यताओं और कारोबारी अधिकारों को लेकर बहस छेड़ दी है.

रजत पाटीदार का तूफान, 48 गेंदों में ठोका शतक; बना दिया बड़ा रिकॉर्ड

रजत पाटीदार ने मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी की. पाटीदार ने सिर्फ 48 गेंदों में शतक पूरा किया और 135 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस पारी में 8 चौके और 13 छक्के शामिल रहे. इसके साथ ही वह SMAT में मध्य प्रदेश के लिए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. पाटीदार की इस पारी ने न सिर्फ टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में भी उनका नाम दर्ज करा दिया.

'पंचायत 5' कब आएगी? क्रांति देवी ने रिलीज डेट बताने से पहले रखी ये शर्त

क्रांति देवी ने लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत के पांचवें सीजन को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है. बनराकस के जरिए पहले मिले अपडेट के बाद अब क्रांति देवी ने कहा है कि वह 'पंचायत 5' की रिलीज डेट बताने को तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने फैंस के सामने एक शर्त रखी है. Prime Video भी सोशल मीडिया के जरिए लगातार नए-नए तरीके से सीरीज को प्रमोट कर रहा है. इसी बीच रिलीज डेट को लेकर जारी सस्पेंस ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है. 'पंचायत' के पिछले सभी सीजन को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद दर्शक अब फुलेरा गांव की नई कहानी का इंतजार कर रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Today Top Headlines, Yamuna Pollution, Bilkis Bano Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com