सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की साहेबगंज से विधायक राजू कुमार सिंह को बड़ी राहत दी है. अदालत ने हर्ष फायरिंग के मामने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है. यह मामला 2018 का है, जब दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फॉर्म हाउस में नए साल के जश्न में हुई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई थी. इस मामले में निचली अदालत ने उन्हें चार साल की सजा सुनाई थी. सुप्रीम कोर्ट के फैसले से उनकी विधानसभा की सदस्यता पर फिलहाल कोई संकट नहीं आएगा.
क्या है पूरा मामला
दरअसल फतेहपुर बेरी स्थित फॉर्म हाऊस में 31 दिसंबर 2018 की रात आयोजित नए साल के जश्न के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से डॉ. अर्चना गुप्ता की मौत हो गई थी. इस मामले में इस साल जुलाई 2026 में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने राजू सिंह को दोषी ठहराते हुए राजू सिंह को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट में चार साल की सजा सुनाई थी. उन पर 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था. यह जुर्माना राशि पीड़ित परिवार को मुआवजे के तौर पर दी जानी है.
बीजेपी विधायक ने इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. वहां से उन्हें जमानत मिल गई थी. इस समय वो जमानत पर हैं. अदालत ने दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली. अब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें राहत दे दी है.इससे उनकी विधानसभा सदस्यता नहीं जाएगी.
ये भी पढ़ें: भारत की अर्थव्यवस्था भरेगी उड़ान, चीन रह जाएगा पीछे! 2027 के लिए गोल्डमैन सैश ने बताया ग्रोथ रेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं