विज्ञापन

यूपी में 9.5 लाख नौकरियों के बाद अब 1 लाख और भर्तियों की तैयारी, सीएम योगी ने बताया पूरा प्लान

सीएम योगी ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाएं अक्सर विवादों में रहती थीं और कई मामलों में न्यायालयों का सहारा लेना पड़ता था. उन्होंने दावा किया कि अब भर्ती आयोग और चयन बोर्ड पारदर्शी तरीके से काम कर रहे हैं.

यूपी में 9.5 लाख नौकरियों के बाद अब 1 लाख और भर्तियों की तैयारी, सीएम योगी ने बताया पूरा प्लान
सीएम योगी ने उत्तर-प्रदेश में बड़ी घोषणा की है.
  • CM योगी ने राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए
  • सरकार ने कहा कि 26 जनवरी तक सरकारी नौकरी देने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा.
  • सीएम ने युवाओं से सीधे संवाद कर चयन प्रक्रिया में सिफारिश या पैसे की मांग की जानकारी ली

उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी नौकरियों के बड़े अभियान को लगातार आगे बढ़ा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए. साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी तक सरकारी नौकरी देने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा और लगभग हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

'साफ नीयत और पारदर्शी व्यवस्था से मिला अवसर'

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ हो और भर्ती प्रक्रिया ईमानदारी से हो तो युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार अवसर मिलता है. उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि नौकरी के दौरान हर नागरिक के प्रति संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा बनाए रखें. सरकार ने उन्हें पारदर्शी व्यवस्था में अवसर दिया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे ईमानदारी से जनता की सेवा करें.

युवाओं से पूछा, कहीं सिफारिश या पैसे की मांग तो नहीं हुई?

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद किया. उन्होंने पूछा कि क्या चयन प्रक्रिया में किसी को सिफारिश की जरूरत पड़ी या किसी ने पैसे मांगे. क्या सत्यापन प्रक्रिया में कोई परेशानी हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं को उनकी मेहनत का उचित परिणाम नहीं मिलता था और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठते थे. यही कारण था कि बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते थे.

पहले और अब की व्यवस्था का किया जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाएं अक्सर विवादों में रहती थीं और कई मामलों में न्यायालयों का सहारा लेना पड़ता था. उन्होंने दावा किया कि अब भर्ती आयोग और चयन बोर्ड पारदर्शी तरीके से काम कर रहे हैं. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और भाई-भतीजावाद का असर भर्ती प्रक्रियाओं पर दिखाई देता था.

9.5 लाख युवाओं को मिल चुके हैं नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में लगभग 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देना है. उन्होंने बताया कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज और अन्य विभागों में लगातार भर्तियां की जा रही हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.30 लाख से अधिक नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं. 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है जबकि 42 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों की भर्ती भी जल्द पूरी होने वाली है.

राजस्व विभाग में तेजी से हो रहा कामकाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग में लंबित मामलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया है. लाखों राजस्व वादों का समाधान हो चुका है. जमीन की पैमाइश के लिए पारंपरिक तरीकों की जगह आधुनिक रोवर तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे काम तेजी से पूरा हो रहा है.

किसानों को मिला योजना का बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का दायरा बढ़ाया गया है. अब केवल भूमिधर किसान ही नहीं बल्कि बटाईदार और उनके परिवार भी इसका लाभ उठा रहे हैं. अब तक 1.40 लाख से अधिक किसान परिवारों को योजना का लाभ दिया जा चुका है और 5,833 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि वितरित की गई है. कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 10 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.

यह भी पढ़ें | यूपी होमगार्ड भर्ती को लेकर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, 41 हजार से ज्यादा जवानों को इस दिन मिलेगा लेटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, UP Government, UP Jobs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com