उत्तर प्रदेश में एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा चुनाव से पहले पूरा करने की कोशिश हो रही है. इसी बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में UPSSSC के जरिए राजस्व विभाग के लिए चुने गए 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र सौंपा. इस मौके पर सीएम योगी ने कई ऐलान भी किए, उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2026 तक हम 9.5 लाख युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति-पत्र वितरित कर चुके थे. 26 जनवरी तक 1 लाख और युवाओं को नियुक्ति-पत्र बांटने का काम होगा. इस दौरान उन्होंने यूपी में होमगार्ड भर्ती के तहत चुने गए अभ्यर्थियों को लेकर भी बड़ा ऐलान कर दिया. सीएम योगी ने कहा है कि अगले हफ्ते तक 42 हजार से ज्यादा होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा सकते हैं.
होमगार्ड्स को मिलेगी नौकरी
यूपी में कुछ महीने पहले 42 हजार से ज्यादा होमगार्ड जवानों की भर्ती निकाली गई थी. इसमें प्रदेश के 25 लाख से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया था और 3 अक्टूबर को फाइनल रिजल्ट जारी हुआ. इस भर्ती में कुल 41424 अभ्यर्थी चुने गए हैं. फिलहाल इन सभी का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन चल रहा है. इसी बीच अब सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि अगले हफ्ते तक इन 40 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को होमगार्ड के नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे.
भर्ती के सिंडेकेट को तोड़ने का किया काम
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण के इस कार्यक्रम में कहा, हमने भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय सिंडिकेट को तोड़ा है और उसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी है, उसके हर गुर्गे को, जहां कहीं भी वह छिपा हुआ था, ढूंढकर बाहर निकाला और उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की. इसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश में प्रत्येक परीक्षा का परिणाम पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से घोषित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 26 जनवरी तक यूपी में लगातार नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम चलता रहेगा.
अप्रैल में हुई थी लिखित परीक्षा
यूपी होमगार्ड भर्ती का नोटिफिकेशन निकलने के बाद लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को हुई थी. लिखित परीक्षा के बाद 1 लाख 7 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया, जिसके बाद करीब 60 हजार से ज्यादा भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए. चुने गए अभ्यर्थियों में 8290 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं. ये भर्ती 10वीं पास के लिए निकाली गई थी, ऐसे में यूपी के लाखों युवाओं ने इसमें हिस्सा लिया. अब चुने गए 41 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी का इंतजार है.
यह भी पढ़ें | UP SI Recruitment: सिपाही से सब-इंस्पेक्टर बने 2025 बैच के जवानों की 8 लाख की वसूली माफ
यह भी पढ़ें | 'मिठाई लेने के बाद 40 रुपये बचे हैं'... दिवाली पर 640 रुपये का बोनस मिलने पर छलका वन रक्षक का दर्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं