- सुप्रीम कोर्ट ने नगर निकाय चुनावों की मतदाता सूचियों में मकान नंबरों की गड़बड़ी की याचिका खारिज कर दी है.
- न्यायालय ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार का अधिकार व्यक्तिगत है, इसे सामूहिक याचिका में नहीं उठाया जा सकता है.
- जस्टिस बागची ने कहा मतदाता अपनी शिकायत लेकर संबंधित चुनाव अधिकारियों के पास जाकर सुधार करवा सकते हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें नगर निकाय चुनावों से जुड़ी मतदाता सूचियों में मकान नंबरों की गड़बड़ी की बात कही गई थी. कोर्ट ने साफ कहा कि मतदाता सूची में सुधार कराने का अधिकार व्यक्तिगत है, इसे याचिका के जरिए सामूहिक रूप से नहीं उठाया जा सकता है. सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच में हुई है. सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने याचिकाकर्ता को स्पष्ट शब्दों में समझाया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि को ठीक कराने का अधिकार संबंधित मतदाता का व्यक्तिगत अधिकार है, उसे सार्वजनिक तौर पर नहीं लाया जा सकता.
चुनाव अधिकारियों से ठीक करवाए गलतियां
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा 'नगर निकायों की मतदाता सूचियों के लिए भी अपने अलग नियम हैं. इसलिए जिन मतदाताओं के नाम या मकान नंबरों में गड़बड़ी है, वे संबंधित चुनाव अधिकारियों के पास जाकर सुधार की मांग कर सकते हैं. आप यह याचिका जनहित याचिका के तौर पर दाखिल कर रहे हैं. मतदाता सूची में सुधार कराने का अधिकार व्यक्तिगत है नगर निकाय की मतदाता सूची में भी कुछ नियम होंगे. संबंधित व्यक्ति अधिकारियों के पास जाएं. उन्होंने आगे कहा कि सामूहिक स्तर पर ऐसा मामला तभी उठाया जा सकता है, जब यह समस्या पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर हो. व्यक्तिगत मतदाता अपनी शिकायत लेकर अदालत आ सकते हैं.
मकान नंबर बदलने का किया था दावा
याचिकाकर्ता की तरफ से दलील दी गई थी कि उत्तर प्रदेश में मकानों के नंबर बदल गए हैं, लेकिन नगर निकायों की मतदाता सूचियों में पुराने मकान नंबर दर्ज हैं. इस संबंध में अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है. याचिका में यह भी मांग की गई थी कि नगर निकायों की मतदाता सूचियों को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल होने वाली मतदाता सूचियों के अनुरूप किया जाए, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
ये वीडियो भी देखिए
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस तरह की व्यक्तिगत शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित मतदाताओं को निर्धारित चुनावी प्रक्रिया का सहारा लेना चाहिए. ऐसे में फिलहाल अब चुनाव आयोग को ही मकानों में गड़बड़ी ठीक कराना होगा.
ये भी पढे़ंः भगवा वस्त्र में घर की दहलीज के बाहर खड़ा था... CM योगी ने संन्यास के बाद मां से भिक्षा के प्रसंग को किया याद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं