प्रतीकात्मक तस्वीर
NDTV
- विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के मसौदा मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता शामिल हैं.
- सूची में पुरुषों की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 और महिलाओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 है.
- दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक रहेगी.
- रिणवा ने यहां प्रेसवार्ता में बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जारी मसौदा मतदाता सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं जिनमें 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिलाएं और 4,042 तृतीय लिंगी हैं. उन्होंने बताया कि इस सूची में 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के 11,83,352 मतदाता भी हैं. रिणवा ने यह भी कहा कि एसआईआर की सबसे ज्यादा आलोचना इसी बात को लेकर की जा रही थी कि इससे लोगों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है, मगर ''अब हम लोगों को उनका मताधिकार दिलाने की कोशिश कर रहे हैं.'' उन्होंने कहा कि अगर कोई फर्जी मतदाता पाया जाता है, तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 (गलत घोषणा करना) के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इसी तरह, अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी जानबूझकर कोई अनियमितता करता है तो उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 32 (निर्वाचन नामावली तैयार करने आदि के संबंध में आधिकारिक कर्तव्य का उल्लंघन) के तहत कार्रवाई की जाएगी. एक ही मतदाता का दो जगह नाम होने के बारे में रिणवा ने कहा, ‘‘हमने बीएलओ ऐप में ऐसे उपाय किए हैं जिससे नई दोहरी प्रविष्टियां न बन सकें. हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी चार जनवरी तक हमारी मतदाता सूची में एक भी दोहरी प्रविष्टि न रहे. मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जब चार जनवरी को मतदाता सूची जारी होगी तो आप इसमें एक गुणात्मक सुधार देखेंगे.''
- रिणवा ने कहा, ‘‘दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक रहेगी. इस दौरान पात्र नागरिक प्रपत्र-छह, सात और आठ के माध्यम से मतदाता सूची में क्रमशः नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या दर्ज विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं.''
- उन्होंने बताया कि सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक कर दिया जाएगा जिसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. रिणवा ने कहा कि एसआईआर के बाद 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना में इस मसौदा सूची में कुल 18,84,113 मतदाताओं की वृद्धि हुई है.
- उन्होंने बताया कि इस दौरान महिला मतदाताओं की संख्या में 10,96,828 और पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7,87,449 की वृद्धि हुई, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है. उन्होंने कहा कि 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या अप्रैल में 17,63,360 थी, जो नवंबर में घटकर 11,83,352 रह गई. इस प्रकार इस आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 5,80,008 की कमी आई है.
- रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में लिंग अनुपात प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 834 महिलाओं से बढ़कर 840 हो गया है तथा मतदाता-जनसंख्या अनुपात भी मामूली वृद्धि के साथ 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत हो गया है.
- उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘‘मतदाता सूची में सालभर बदलाव होता रहता है'' और पात्र नागरिक पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची प्रकाशित होने पर भी अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं.
- रिणवा ने बताया कि इस प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘‘बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के मसौदे की प्रतियों और पर्याप्त संख्या में आवेदन प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे.''
- रिणवा ने बताया कि इन शिविरों के दौरान नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम और दर्ज विवरण की जांच कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि जिन लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना है, उन्हें पासपोर्ट आकार की एक रंगीन तस्वीर और जन्मतिथि एवं निवास के प्रमाण के तौर पर मान्य दस्तावेज साथ लाने होंगे. उन्होंने बताया कि आधार भी एक मान्य दस्तावेज है.
- उन्होंने कहा कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि के दौरान पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे तथा मतदाताओं के विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा. रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों तथा मृत, स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर जा चुके और एक से अधिक बार पंजीकृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे ताकि अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके.
भाषा इनपुट के साथ
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
UP Voter List Draft 2026