- गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर विवाद हुआ था
- विवाद में पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी और अंशुमान सिंह के समर्थकों के बीच हाथापाई भी हो गई थी
- घटना के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर की पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी है
गोरखपुर प्रेस क्लब में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर पार्टी नेता आपस में भिड़ गए थे, जिसके बाद हाथापाई भी हो गई थी. इस घटना के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा एक्शन लिया है. अखिलेश यादव ने गोरखपुर की पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी है. जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष हटा दिए गए हैं. साथ ही पार्टी की सभी विंग और फ्रंटल संगठन के पदाधिकारी भी पैदल कर दिए गए हैं.
सपा नेताओं के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर हुआ विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शनिवार को उस समय हंगामा हो गया था, जब सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी और पार्टी नेता अंशुमान सिंह के समर्थकों के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर कहासुनी हो गई. बाद में ये विवाद हाथापाई में बदल गया. घटना दोपहर करीब तीन बजे हुई थी.
https://t.co/7DRflFDUp5
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 4, 2026
सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने 2 अक्टूबर से शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलने वाले पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' अभियान के बारे में जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी.
वहां मौजूद पार्टी नेताओं के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गोरखपुर ग्रामीण सीट से सपा का टिकट पाने के दावेदार अंशुमान सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और खचाखच भरे सभागार में बैठने के लिए जगह मांगी. पार्टी सूत्रों के अनुसार, कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई.
आरोप है कि अंशुमान के बेटे कमलेश सिंह ने साहनी को थप्पड़ मार दिया. पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया. बाद में घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया.
अंशुमान सिंह ने दावा किया कि इस विवाद का इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में उनके राजनीतिक विरोधी बेवजह विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.
वहीं, साहनी ने सिंह के समर्थकों पर बदसलूकी, मारपीट और डराने-धमकाने का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोग अवैध हथियार लेकर कार्यक्रम स्थल पर आए थे.
इसे भी पढ़ें: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच क्या हो सकता है सीट बंटवारे का फॉर्मूला?
इसे भी पढ़ें: हारने का डर ऐसा था कि रायबरेली से लड़े राहुल गांधी... सीटों पर खींचतान के बीच सपा सांसद ने चिढ़ाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं