- PNB के मनी वॉल्ट में ₹7.4 करोड़ कैश की जगह नकली नोट रख दिए गए.
- धोखाधड़ी का पता तब चला, जब RBI को भेजे गए कैश में ₹4.36 लाख की कमी मिली.
- मामले में बैंक अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां की पीएनबी बैंक में अजब तरीके का गजब खेल सामने आया है. कई करोड़ की करेंसी को नकली नोट में बदल दिया गया. दरअसल, पंजाब नेशनल बैंक के मनी वॉल्ट में 7.4 करोड़ रुपये के असली नोटों की जगह नकली नोट रख दिए गए. पुलिस ने बैंक अधिकारियों और प्राइवेट लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और इस अनोखी चोरी की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PNB की चीफ डिप्टी मैनेजर निशा सिंह ने बताया, "धोखाधड़ी का पता तब चला जब 10 अगस्त को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को भेजे गए कैश में ₹4.36 लाख की कमी पाई गई. आईबाआई के आदेश पर किए गए डिटेल्ड ऑडिट में नकली नोटों के बड़े पैमाने पर होने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ."
बैंक ने क्या कहा?
डिप्टी मैनेजर का कहना है कि जांच चल रही है. जब हमारे पास इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ पूरी जानकारी और सबूत आ जाएंगे, तो नतीजों को पब्लिक कर दिया जाएगा. नकली करेंसी कुल कितनी है, अभी भी पुष्टि की जा रही है क्योंकि गिनती जारी है.
ये भी पढ़ें: PNB में एक और लोन फ्रॉड सामने आया, किसने की 2400 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले को लेकर सहारनपुर के DIG अभिषेक ने कहा, "एक SIT बनाई गई है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. गिनती चल रही है. विस्तृत जांच के बाद, गबन की गई रकम बरामद की जाएगी."
जांच करने वाले अधिकारी अभी बैंक के ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, ऑडिट लेजर और करेंसी चेस्ट के CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि नकली नोट कैसे अंदर लाए गए और इस काम में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके.
ये भी पढ़ें: FD Return: SBI, PNB, HDFC या एक्सिस नहीं, एफडी पर ये बैंक दे रहे हैं सबसे ज्यादा ब्याज, देखें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं