यूपी के सहारनपुर के अंबेहटा कस्बे में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी, गला रेत दिया और दोनों कान तक काट डाले. इस वारदात के बाद कस्बे में दहशत फैल गई, वहीं गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
थाना नकुड़ क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे में सोमवार को 60 वर्षीय पूनम मित्तल का शव उनके ही घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला. हत्यारों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया था. जिस हालत में शव मिला, उसने हर किसी को सन्न कर दिया.
पति को आई कॉल से हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, पूनम मित्तल के पति संजय मित्तल की बाजार में स्पेयर पार्ट्स की दुकान है. सोमवार शाम करीब 4 बजे उन्हें पत्नी के मोबाइल से कॉल आई, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला. शक होने पर वह डॉक्टर को साथ लेकर घर पहुंचे. वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
परिजनों ने बताया कि महिला के दोनों कान कटे हुए थे और उनके कुंडल भी गायब थे. कमरे की अलमारी खुली मिली है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे लूट की वारदात हो सकती है. हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
परिचित पर शक, घर में मिले संकेत
मौके से ऐसे संकेत भी मिले हैं, जिससे शक गहराया है कि हत्यारा कोई जान-पहचान का हो सकता है. ड्राइंग रूम में मिठाई की प्लेट और दो गिलास पानी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि महिला ने खुद किसी को घर में बैठाया होगा.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. एसएसपी अभिनंदन के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
व्यापारियों का गुस्सा, बाजार बंद
इस निर्मम हत्या से नाराज व्यापारियों ने अंबेहटा कस्बे का बाजार बंद कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की. साथ ही कुछ लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने पर भी नाराजगी जताई.
इस वारदात के बाद पूरे कस्बे में डर और गुस्से का माहौल है. स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों चाहे लूट हो, पुरानी रंजिश या कोई अन्य वजह हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं