विज्ञापन

राम मंदिर परिसर के 70 में से 60 निर्माण कार्य पूरे, नृपेंद्र मिश्रा बोले- अब संग्रहालय और ऑडिटोरियम पर फोकस

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण परियोजना तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है. भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि परिसर के 70 में से करीब 60 निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं और ट्रस्ट को सौंप दिए गए हैं.

राम मंदिर परिसर के 70 में से 60 निर्माण कार्य पूरे, नृपेंद्र मिश्रा बोले- अब संग्रहालय और ऑडिटोरियम पर फोकस
राम मंदिर परिसर के 60 निर्माण कार्य पूरे, नृपेंद्र मिश्रा ने दी बड़ी अपडेट
अयोध्या:

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के निर्माण कार्य तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहे हैं. राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दूसरे दिन निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसर से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि भगवान राम का भव्य मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और लंबे समय से देखे गए सपने का प्रतीक है. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मंदिर निर्माण में केंद्र या राज्य सरकार का कोई धन नहीं लगाया गया, बल्कि यह पूरा प्रकल्प श्रद्धालुओं के सहयोग और ट्रस्ट द्वारा जुटाए गए संसाधनों से तैयार किया गया है.

श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा हुआ भव्य निर्माण

नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण केवल एक धार्मिक परियोजना नहीं, बल्कि देशभर के करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा एकत्रित की गई और उसी के माध्यम से निर्माण कार्य संचालित किए गए. उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा के बाद श्रद्धालुओं का सपना साकार हुआ है.

70 में से 60 निर्माण कार्य पूरे

निर्माण कार्यों की प्रगति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के लिए चिन्हित लगभग 70 कार्यों में से करीब 60 कार्य पूरे हो चुके हैं. इन परियोजनाओं को अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि आगे इन सुविधाओं के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी ट्रस्ट के पास रहेगी. निर्माण समिति अब शेष कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है.

जलभराव की समस्या के समाधान पर काम

मंदिर परिसर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर भी चर्चा की गई. नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस विषय में मंडलायुक्त और नगर आयुक्त के साथ विस्तृत बैठक हुई है. उन्होंने कहा कि सीवेज और जल निकासी व्यवस्था को मुख्य नाले से जोड़ने का कार्य जारी है और उम्मीद है कि अगले दो महीनों में यह काम पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं में काफी कमी आएगी.

संग्रहालय और ऑडिटोरियम निर्माण पर विशेष ध्यान

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि अब निर्माण समिति का प्रमुख फोकस संग्रहालय, ऑडिटोरियम और ट्रस्ट कार्यालय के निर्माण पर है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संग्रहालय की गैलरी नंबर-7 के निर्माण और विकास पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. हालांकि संग्रहालय में प्रवेश शुल्क लिया जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा लिया जाएगा.

चंपत राय के पत्र पर दिया जवाब

बैठक के बाद पत्रकारों ने जब चंपत राय के कथित पत्र में उनका नाम शामिल होने को लेकर सवाल किया तो नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र नहीं देखा है. उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से वे बचते नजर आए.

यह भी पढ़ें : हर हिस्से में CCTV से नजर; राम मंदिर में कर्मचारियों पर सख्ती, फेस रीडिंग और एंट्री-एग्जिट पर डिजिटल निगरानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir, Ayodhya, Nripendra Mishra, Ram Mandir Construction, Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com