- यूपी के मंत्री अनिल राजभर ने एसपी चीफ अखिलेश यादव के राम मंदिर बयान पर पलटवार किया है.
- अनिल राजभर ने कहा कि मसूद की मजार सजाने वालों को प्रभु श्रीराम कैसे बुलाएंगे.
- राजभर ने समाजवादी पार्टी पर सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के राम मंदिर से जुड़े बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु श्रीराम कैसे बुलाएंगे. अखिलेश यादव से जब राम मंदिर में दर्शन से जुड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जब भगवान बुलाते हैं, तभी कोई शख्स दर्शन के लिए जाता है. राजभर ने कहा कि अगर वह (अखिलेश) ऐसा करेंगे तो उनके टोपी वाले भाई नाराज हो जाएंगे, इसलिए जाने की हिम्मत नहीं है.
न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री अनिल राजभर ने कहा, "मसूद की मजार को सजाने वालों, बाबर और औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु श्रीराम कैसे बुलाएंगे. जिन लोगों ने सनातन का हमेशा से अपमान किया, उन्हें प्रभु बुलाएंगे भी नहीं. ऐसे लोगों में हिम्मत नहीं है कि जाकर दर्शन कर लें."
इंडिया ब्लॉक पर कसा तंज...
इंडिया ब्लॉक की बैठक में अखिलेश यादव के शामिल नहीं होने पर मंत्री ने कहा कि इंडिया ब्लॉक का वजूद नहीं है. पश्चिम बंगाल का चुनाव बीता, इंडिया ब्लॉक नहीं दिखा. दिल्ली, हरियाणा का चुनाव बीतने के बावजूद कहीं भी इंडिया ब्लॉक नहीं दिखा. पंजाब में क्या हो रहा है, सभी देख रहे हैं.
अनिल राजभर ने कहा, "कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में बयानबाजी हो रही है, फिर किस बात का इंडिया ब्लॉक? यह जनता को ठगने वाले लोग हैं. रोज एजेंडा और मुद्दा बदलते हैं. जनता की आंखों में धूल झोंकते हैं."
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा एसपी को गिरगिट कहे जाने पर अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा इस बात को कहते हैं. इसमें झूठ कहां है, कहां असत्य है? सपा नेताओं की ओर से रोज मुद्दे बदलने की कोशिश हो रही है. हर जगह राजनीति करने की कोशिश हो रही है. समाजवादी पार्टी जनता को गुमराह करने का कोई मौका नहीं छोड़ती.
ये भी पढ़ें: पूरे जाट समाज से माफी मांगें अखिलेश यादव; जयंत चौधरी के समर्थन में आईं मायावती, 'चवन्नी' कहने पर घेरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं