विज्ञापन

11-11 लाख रुपए का इनाम, 44 साल बाद गोल्ड जीतने वाली महिला हॉकी टीम पर पैसों की बारिश

हॉकी इंडिया ने एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 11-11 लाख रुपये और प्रत्येक सहयोगी स्टाफ के लिए 5.5-5.5 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की.

11-11 लाख रुपए का इनाम, 44 साल बाद गोल्ड जीतने वाली महिला हॉकी टीम पर पैसों की बारिश
Hockey India
IANS

हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को जापान के काकामिगाहारा में एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 11-11 लाख रुपये देने का ऐलान किया है. इसके अलावा प्रत्येक सहयोगी स्टाफ के लिए 5.5-5.5 लाख रुपये के पुरस्कार की भी घोषणा की. भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियाई खेलों में गोल्ड जीता और इसके साथ ही टीम ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिये क्वालीफाई कर लिया.

चीन को 1-0 से हराकर जीता गोल्ड

भारतीय टीम ने लालरेम्सियामी के दसवें मिनट में किए गए गोल और पेनल्टी स्ट्रोक पर गोलकीपर सविता पूनिया के शानदार बचाव के दम पर शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन चीन को 1-0 से हरा दिया. हॉकी इंडिया ने पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि एशियाई खेलों डिफेंडिंग चैम्पियन चीन को हराकर 44 साल बाद एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 11-11 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.

सहयोगी स्टाफ के लिए भी पुरस्कार का ऐलान

इसके साथ ही सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को भी साढ़े पांच लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम ने 1982 में दिल्ली में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता था जब पहली बार महिला हॉकी को इन खेलों में शामिल किया गया था.

भारतीय हॉकी के लिए बहुत खास पल- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस खास उपलब्धि के लिए भारत की बेटियों की जमकर सराहना की है. पीएम मोदी ने पीएमओ के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'भारतीय हॉकी के लिए एक बहुत ही खास पल. भारत के लोग महिला हॉकी टीम की सफलता का जश्न मना रहे हैं, जिन्होंने एशियन गेम्स में शानदार गोल्ड मेडल जीता है और वो भी चार दशकों से ज्यादा समय के बाद. यह बेहतरीन कौशल और टीमवर्क का नतीजा है. उनका जज्बा भी बहुत प्रेरणादायक है. टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं. उम्मीद है कि यह सफलता देशभर में हॉकी की लोकप्रियता बढ़ाने में योगदान देगी.'

हमारी अद्भुत 'नारी शक्ति'- केंद्रीय खेल मंत्री

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने अपने 'एक्स' पर लिखा, 'भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक दिन. हमारी अद्भुत 'नारी शक्ति' ने एशिया को जीत लिया है. एशियन गेम्स 2026 में मौजूदा चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई. 1982 के बाद से 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए हमारी बेटियों ने इतिहास रच दिया है. साथ ही इस शानदार जीत ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधा और पूरी तरह से हकदार टिकट भी पक्का कर लिया है। पूरा देश इस शानदार वापसी का जश्न मना रहा है। आपने भारत का मान बहुत बढ़ाया है.

राजनाथ सिंह ने भी महिला टीम को दी बधाई

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारतीय महिला टीम को बधाई दी. उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, 'भारतीय महिला हॉकी के लिए एक सुनहरा अध्याय. एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के लिए कड़ी टक्कर के बाद मिली जीत पर हमारी महिला हॉकी टीम को बधाई. लालरेम्सियामी हमारजोटे का निर्णायक गोल और सविता पूनिया का अहम पेनल्टी-स्ट्रोक बचाव, टीम के कौशल, संयम और लड़ने के जज्बे को दिखाता है. टीम ने तब मजबूती दिखाई जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी. 44 साल बाद भारत ने एशियन गेम्स में महिला हॉकी का खिताब फिर से हासिल किया है. यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ियों को नई उम्मीदों और जोश के साथ भारतीय हॉकी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी. पूरी टीम को आगे के सफर के लिए मेरी शुभकामनाएं.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News, Asian Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com