विज्ञापन

अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों पर पुलिस की FIR, बिना टोल दिए भगा ले गए थे गाड़ियां

प्रयागराज पुलिस ने अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इनपर टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए गाड़ी ले जाने का आरोप है.

अतीक अहमद के बेटे उमर के समर्थकों पर पुलिस की FIR, बिना टोल दिए भगा ले गए थे गाड़ियां
टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए गाड़ियां ले गए उमर के समर्थक (फोटो- वीडियो ग्रैब)
नई दिल्ली:

माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लखनऊ जेल से प्रयागराज ले जाते समय नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा हुआ, कोर्ट के आदेश पर उमर को पुलिस सुरक्षा में एक पारिवारिक जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज लाया जा रहा था. इसी दौरान उसके काफिले में शामिल करीब 25 से 30 निजी वाहनों ने बिना टोल दिए बैरियर पार कर गए. टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और धमकी दी गई.

पुलिस ने दर्ज कराई FIR 

टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से नवाबगंज थाने में मामले की तहरीर देकर FIR दर्ज कराई गई है. पुलिस को दी गई तहरीर में कई वाहनों के नंबर भी दर्ज कराए गए हैं. बताया गया कि अतीक के बेटे को लेकर जा रही पुलिस वैन के पीछे गाड़ियों का काफिला चल रहा था. शिकायत के मुताबिक 8 अगस्त 2026 की रात करीब 3:50 बजे नवाबगंज टोल प्लाजा के बूथ नंबर-3 पर उमर अहमद को पुलिस अभिरक्षा में जिला कारागार लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था. सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद उसके पीछे बड़ी संख्या में वाहन टोल प्लाजा पहुंचे. आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों के चालकों ने टोल बैरियर को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की. टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई.

तेज रफ्तार में बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप

टोल कर्मचारियों के मुताबिक, वाहनों ने तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से टोल प्लाजा पार किया. इस दौरान सरकारी टोल बैरियर को नुकसान पहुंचने के साथ राजस्व की भी क्षति हुई. शिकायत में कहा गया है कि करीब 25-30 वाहनों ने बिना टोल अदा किए टोल प्लाजा पार किया.


टोल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में कई वाहनों के नंबर उपलब्ध कराए हैं. CCTV और वाहनों के नंबर से जांच चल रही है. टोल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और शिकायत में दिए गए वाहनों के नंबरों के आधार पर काफिले में शामिल लोगों की पहचान की जा सकती है. टोल प्रबंधन ने उमर के साथ चल रहे काफिले के वाहनों पर टोल चोरी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों के साथ अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Atiq Ahmad, Umar Ahmed, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com