विज्ञापन

'भारत सरकार' लिखी कार से नवविवाहित जोड़े के साथ लूटपाट, प्रयागराज में आधी रात बदमाशों का तांड़व

यदि आप देर रात प्रयागराज पहुंच रहे हैं तो सड़क पर घूमना खतरनाक हो सकता है. स्टेशन के आस-पास बदमाशों का एक गिरोह राहगीरों से लूटपाट की ताक में रहते हैं. हाल ही में ऐसे एक गैंग का भंडाफोड़ हुआ है.

'भारत सरकार' लिखी कार से नवविवाहित जोड़े के साथ लूटपाट, प्रयागराज में आधी रात बदमाशों का तांड़व
भारत सरकार लिखी कार और प्रयागराज में लूट के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी.
NDTV
  • प्रयागराज में मुंबई से पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े के साथ रात में लूटपाट की वारदात सामने आई है.
  • पत्नी की तबीयत खराब होने पर दवा लेने गए जोड़े के साथ तीन बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की.
  • बदमाशों के पास से पुलिस ने भारत सरकार लिखी कार जब्त की है.
प्रयागराज:

संगम नगरी प्रयागराज के सिटी जोन करेली थाना क्षेत्र में एक नवविवाहित जोड़े के साथ लूटपाट और अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. 27 जुलाई की देर रात में ऑटो से दवा लेने निकले एक नवविवाहित जोड़े को कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया. उनका जबरन अपहरण करने का प्रयास किया और महिला के साथ गंभीर अभद्रता व मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया. हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर शाहगंज इलाके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. वहीं बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल 'भारत सरकार' लिखी एक कार और मोबाइल भी बरामद हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है. 

27 जुलाई की रात की घटना

बताया जा रहा है कि खुल्दाबाद के बक्शी बाजार निवासी एक युवक मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. महज एक हफ्ते पहले ही उसने मुंबई में ही साथ काम करने वाली एक युवती से शादी की थी. 27 जुलाई की देर रात युवक अपनी पत्नी के साथ फ्लाइट से प्रयागराज पहुंचा था. रात अधिक हो जाने के कारण दोनों प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में रुक गए.

पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर दवा लेने निकला था कपल

27 जुलाई की देर रात करीब 2:40 बजे महिला को अचानक तेज खांसी आने लगी. होटल के आसपास के मेडिकल स्टोर बंद होने पर एक ऑटो चालक ने उन्हें करेली के जीटीबी नगर स्थिति अपोलो फार्मेसी जाने की सलाह दी जो 24 घंटे खुली रहती है. युवक अपनी पत्नी के साथ ऑटो में सवार होकर दवा लेने के लिए निकल गया. जैसे ही ऑटो करेली इलाके के पहलवान चौराहे से लेबर चौराहे के बीच पहुंचा तभी पीछे से आ रही एक संदिग्ध कार जिस पर 'भारत सरकार' लिखा हुआ था उनका पीछा करने लगी. 

पुलिस गिरफ्त में तीनों बदमाश.

पुलिस गिरफ्त में तीनों बदमाश.

जबरन ऑटो रुकवा कर की हाथापाई

बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक करके जबरन रुकवा लिया. कार से उतरे तीन दबंगों ने युवक और उसकी पत्नी को खींचकर कार में डाल दिया. युवक का आरोप है कि कार के अंदर तीनों बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई की और नवविवाहिता के साथ अश्लील हरकतें करते हुए बेहद बुरी नीयत से छेड़खानी की. 

राहगीरों की तत्परता से टली अनहोनी

बदमाश आपस में एक-दूसरे को सुनील, सूरज और आशीष नाम से पुकार रहे थे. वो दोनों को जान से मारने और ठिकाने लगाने की धमकी देते हुए कह रहे थे कि इनको एक नंबर या दो नंबर अड्डे पर ले चलो वहीं अपना काम बनाकर इनको ठिकाने लगा देंगे. वारदात के दौरान किसी राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए यूपी डायल 112 को सूचना दे दी. 

पुलिस की गाड़ी को आता देख घबराए बदमाशों ने पीड़िता और उसके पति को चलती कार से धक्का देकर सड़क पर नीचे गिरा दिया और तेजी से भागने लगे.

पीछा कर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

सूचना मिलते ही करेली थाना पुलिस हरकत में आई और कार का पीछा करना शुरू किया. पुलिस की टीमों ने घेराबंदी करते हुए शाहगंज क्षेत्र तक पीछा कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील निवासी सराय अकिल, कौशाम्बी, आशीष सिंह निवासी कुंडा, प्रतापगढ़ और सूरज निवासी होलागढ़, प्रयागराज के रूप में हुई है. 

देर रात राहगीरों से लूटपाट करते थे बदमाश

पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह देर रात रेलवे स्टेशन व आसपास के इलाकों में यात्रियों और राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट व आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था.

पुलिस ने पीड़ित युवक की लिखित तहरीर पर पुलिस ने करेली थाने में बीएनएस की की धारा 75(2) (महिला की मर्यादा भंग करना/छेड़खानी), धारा 140(1) (अपहरण का प्रयास) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत एफआईआर दर्ज कर तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. वहीं जोड़े से लूटे गए उनके आई फोन हाईकोर्ट के पास से बरामद किए गए है. पुलिस पूरी घटना की जांच भी कर रही है.

यह भी पढ़ें - कौन हैं प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया? राष्ट्रपति पदक से सम्मानित IPS को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prayagraj, Prayagraj Crime, Prayagraj Police, Loot Case, UP Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com