विज्ञापन
This Article is From Jan 25, 2021

ममता बनर्जी पर बोले CM योगी- 'जय श्री राम' का नारा लगाने के लिए किसी को मजबूर नहीं कर रहे

योगी आदित्यनाथ ने यहां कुछ पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘यदि कोई जय श्री राम कहता है तो इसमें बुरा मानने की कोई बात नहीं है क्योंकि यह तो एक प्रकार का अभिवादन है.’’

ममता बनर्जी पर बोले CM योगी- 'जय श्री राम' का नारा लगाने के लिए किसी को मजबूर नहीं कर रहे
'जय श्री राम' का नारा लगाने के लिए किसी को मजबूर नहीं कर रहे: योगी (फाइल फोटो)
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सोमवार को कहा कि किसी को भी ‘जय श्री राम (Jai Shri Ram)' कहने को मजबूर नहीं किया जा रहा और इस तरह के नारों में बुरा मानने की कोई बात नहीं है.  गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamta Banerjee) ने ऐसे नारे लगने के बाद कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित करने से इनकार कर दिया था. 

बनर्जी ने शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Subhas Chandra Bose) की जयंती मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में तब बोलने से इनकार कर दिया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की मौजूदगी में वहां ‘‘जय श्री राम'' के नारे लगाए गए. कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित कार्यक्रम में बनर्जी अपना भाषण शुरू करने मंच पर खड़ी हुईं तभी भीड़ में शामिल कुछ लोगों द्वारा नारा लगाया गया. 

योगी ने यहां कुछ पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘यदि कोई जय श्री राम कहता है तो इसमें बुरा मानने की कोई बात नहीं है क्योंकि यह तो एक प्रकार का अभिवादन है.''उन्होंने कहा,‘‘यदि कोई नमस्कार या जय श्री राम कहता है तो यह उनके शिष्टाचार को दर्शाता है.''

‘जय श्री राम' के नारे लगने के बाद ममता बनर्जी के सभा को संबोधित करने से इनकार के बारे में एक सवाल के जवाब में योगी ने कहा, ‘‘हम किसी को भी बोलने के लिए मजबूर नहीं कर रहे, लेकिन यदि कोई जय श्री राम कहता है तो इसमें बुरा लगने जैसा कुछ नहीं है.'' बनर्जी ने कहा था कि कि ऐसा ‘‘अपमान'' अस्वीकार्य है. योगी ने दावा किया कि देश में जिन राज्यों में कानून-व्यवस्था सबसे अच्छी है, उसमें से एक उत्तर प्रदेश है.

वीडियो: जब नारेबाजी से नाराज हो गईं ममता बनर्जी

  

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Mamta Banerjee, Jai Shri Ram Slogan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com