- नोएडा के सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर एक युवक महिंद्रा थार के साथ खतरनाक स्टंट करता नजर आया है
- युवक पार्किंग की 7वीं मंजिल की छत पर गाड़ी को आगे-पीछे घुमाकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की कोशिश कर रहा था.
- यह स्टंट करने वाला वीडियो पास की ऊंची इमारत से रिकॉर्ड किया गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है. ताजा मामला यूपी के नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र स्थित सेक्टर-18 मल्टीलेवल कार पार्किंग का है, जहां 7वीं मंजिल की छत पर एक युवक महिंद्रा थार के साथ खतरनाक स्टंट करता नजर आया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है.
वायरल वीडियो को पास की एक ऊंची इमारत से एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया है. वीडियो में काले रंग की थार मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर दिखाई दे रही है. युवक कभी थार के बोनट तो कभी उसकी छत पर खड़ा होकर स्टंट करता नजर आ रहा है.
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति के मुताबिक, युवक काफी देर से पार्किंग की छत पर गाड़ी को आगे-पीछे और घुमाकर रील बनाने की कोशिश कर रहा था. वीडियो बनाने वाला शख्स रील बनाने के इस क्रेज को ‘राष्ट्रीय रोग' बताता सुनाई दे रहा है. उसने चिंता जताई कि इतनी ऊंचाई पर जरा सी चूक किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है. वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें : अक्षरधाम से मुंबई आतंकी हमले तक, देश के वो 5 बड़े ऑपरेशन, जब NSG ने पलक झपकते ही बदल दिया पासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं