उत्तर प्रदेश के नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 थाना इलाके में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए कंपनी संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आरोपी देशभर के व्यापारियों और उद्यमियों को ऑनलाइन मार्केटिंग और खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करते थे. इसके अलावा फर्जी सर्टिफिकेट जारी कर लोगों से धोखाधड़ी भी की जाती थी.
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सेक्टर-63 स्थित ए-135 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान रणबीर सिंह, ललित कुमार और ज्योति को गिरफ्तार किया गया. एडीसीपी सेंट्रल स्वतंत्र सिंह ने बताया कि यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों के व्यापारियों और उद्यमियों को फोन कर ऑनलाइन प्रमोशन और ग्राहकों की उपलब्धता का झूठा दावा करता था. साथ ही फर्जी सर्टिफिकेट देकर लोगों से पैसे वसूलता था. मामले में साइबर ठगी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
इस संबंध में थाना सेक्टर-63 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है. मौके से पुलिस ने 39 स्मार्ट मोबाइल फोन, 9 कीपैड मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 सिम कार्ड, विभिन्न टैक्स इनवॉइस और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं.
ये भी पढ़ें : चन्नी बोले- राहुल गांधी के साथ है जीना-मरना, आखिर वेणुगोपाल ने बागी गुट को कैसे मनाया ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं