विज्ञापन

पत्नी ने बीच सड़क पति को पीटा, बेटी ने भी किए हाथ साफ, अब अस्पताल में जारी है इलाज

आरोप है कि नाराज पत्नी पिंकी ने अपनी बेटी अगम के साथ मिलकर मांगेराम की घर के बाहर सड़क पर पिटाई कर दी. इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

पत्नी ने बीच सड़क पति को पीटा, बेटी ने भी किए हाथ साफ, अब अस्पताल में जारी है इलाज
मांगेराम का अस्पताल में इलाज जारी है.
NDTV

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद उस वक्त सड़क पर खुलकर सामने आ गया, जब पत्नी और बेटी ने मिलकर एक व्यक्ति की बीच सड़क पर कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है.

मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव में रहने वाले मांगेराम और उनकी पत्नी पिंकी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है. सोमवार को यह विवाद पैसों के लेनदेन को लेकर इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. 

आरोप है कि नाराज पत्नी पिंकी ने अपनी बेटी अगम के साथ मिलकर मांगेराम की घर के बाहर सड़क पर पिटाई कर दी. इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

पीड़ित ने क्या बताया?

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई. मारपीट में घायल हुए मांगेराम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले उसकी पत्नी ने उसके चाचा के बेटों के खिलाफ थाने में झूठी एफआईआर दर्ज कराई थी. उसने इसका विरोध किया था, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया. मांगेराम का यह भी दावा है कि घर से लाखों रुपये कीमत की सोने-चांदी की ज्वेलरी गायब होने को लेकर जब उसने सवाल किया तो विवाद और गहरा गया.

मांगेराम ने आरोप लगाया कि पत्नी और बेटी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. उसका कहना है कि खुद को बचाने के लिए वह भागा, लेकिन उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया गया और पीटा गया. उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने क्या कहा?

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा है. सीओ नई मंडी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच की गई. जांच में सामने आया कि 12 अक्टूबर को बिके हुए पेड़ के पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मारपीट हुई. पुलिस ने घायल मांगेराम का मेडिकल कराया है, जिसमें सामान्य चोटों की पुष्टि हुई है.

पुलिस के अनुसार, पति और पत्नी दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिए हैं. मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है. साथ ही पति-पत्नी को महिला हेल्प डेस्क पर काउंसलिंग के लिए भी बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: UP-हरियाणा में घटी पराली जलाने की घटनाएं, MP-राजस्थान ने बढ़ाई टेंशन; शिवराज बोले- अब समय बहुत कम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP News, Uttar Prades News, Muzzafarpur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com