Moradabad Accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार को उजाड़ दिया. कटघर थाना क्षेत्र के रामगंगा पुल के पास रोडवेज बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें तीन वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल है. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया. घटना से परिवार में मातम छा गया है.
तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार संभल के सरायतरीन निवासी जुनैद अपनी पत्नी सिमरन, साली मनशा और तीन वर्षीय बेटे के साथ बाइक से मुरादाबाद की ओर जा रहे थे. रामगंगा पुल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

Moradabad Accident: घटना स्थल पर मौजूद पुलिस
तीन साल के बच्चे की मौके पर मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीन साल के बच्चे को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल सिमरन और मनशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
पति की हालत गंभीर, इलाज जारी
घटना में घायल जुनैद की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है. डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है.
गर्भवती थी मृतका, परिवार में मातम
मोहम्मद नबी, मृतक सिमरन के रिश्तेदार ने बताया कि वह गर्भवती थीं. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बस चालक मौके से फरार
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें : अंबेडकर साहेब पर अभद्र टिप्पणी का VIDEO वायरल; सुल्तानपुर में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही एक की तलाश
यह भी पढ़ें : राम मंदिर दान विवाद: मंदिर ट्रस्ट भंग करने और CBI जांच की मांग, पुजारी महासंघ ने PM मोदी को लिखा पत्र
यह भी पढ़ें : ‘आमों की मलिका' नूरजहां का जलवा; 3.30 किलो का आम ₹3,800 में बिका, 4 किलो तक पहुंचने की उम्मीद
यह भी पढ़ें : ट्रांसफर आज रात तक; इंदौर मेट्रो की लागत बढ़ी, स्वास्थ्य नीति 2026 को भी मंजूरी, मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं