विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा की अधूरी सड़क ने ले ली बाइक सवार की जान, रातभर तड़पता रहा, सुबह मिला शव

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक अधूरी सड़क ने एक अस्पताल मैनेजर की जान ले ली. रात के वक्त उनकी बाइक गड्ढे में जा गिरी. जिससे अतुल कुमार जोशी की मौत हो गई. उनका शव सुबह मिला है.

सड़क हादसे में अस्पताल मैनेजर की मौत
ग्रेटर नोएडा:

यूपी के ग्रेटर नोएडा अधूरे सड़क निर्माण की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया. रविवार की देर रात फरीदाबाद के रहने वाले अतुल कुमार जोशी बाइक से घर जा रहे थे. रास्ते में दनकौर क्षेत्र में उनकी बाइक एक गड्ढे में जा गिरी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. रात होने की वजह से किसी से उन्हें नहीं देखा, सुबह जब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

अस्पताल में मैनेजर थे अतुल कुमार जोशी 

मृतक अतुल कुमार जोशी फरीदाबाद के रहने वाले थे. वह आई केयर अस्पताल में मैनेजर थे. रविवार की रात में मंझावली पुल के रास्ते ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रहे थे. लेकिन यहां पर सड़क निर्माण अधूरा था और रास्ता अचानक से खत्म हो जाता है. यहां पर कोई  चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं हैं. ऐसे में अतुल की बाइक सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरी. घायल होने की वजह से रातभर अतुल वहीं पड़े रहे. सुबह जब खेतों की तरफ जा रहे लोगों ने गड्ढे में बाइक और अतुल को देखा तो तुरंत मामले की जानकारी हरियाणा के फरीदाबाद में आने वाले तिगांव पुलिस को दी.

नोएडा में आता है इलाका 

बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से मृतक की पहचान की गई और उनके परिवार को घटना की जानकारी दी गई. वहीं पुलिस जांच के दौरान पता चला कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ है वह इलाका गौतम बुद्ध नगर के दनकौर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. जिसके बाद दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दनकौर सिविल अस्पताल भेजा था. 

अधूरी सड़क पर नहीं है कोई बोर्ड 

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में अधूरी पड़ी इस सड़क पर किसी तरह का चेतावनी बोर्ड नहीं लगा है. काम अधूरा छोड़ने के बाद भी कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं बनाया गया है. ऐसे में यहां रास्ता खत्म होने वाला है इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. यही वजह रही कि अतुल की बाइक सीधे गड्ढे में जा गिरी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अतुल ने हेलमेट पहना हुआ था. लेकिन शीशे से नाक पर गंभीर चोट लगने की वजह से ज्यादा खून निकल गया. जिससे उनकी मौत हो गई. 

लापरवाही पर नहीं है ध्यान

ग्रेटर नोएडा की इस घटना ने अधूरे सड़क निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल उठा दिए हैं. चेतावनी बोर्ड और सड़क बनाने वाली एजेंसियों की जवाबदेही पर भी सवाल उठ रहे हैं. इससे पहले जब युवराज मेहता की मौत इसी तरह की घटना में हुई थी. तब तो कोहरे की वाली स्थिति को ही दोषी ठहरा दिया था. लेकिन अतुल कुमार जोशी की मौत में इस तरह का कोई बहाना भी नहीं बन सकता. सीएम योगी ने युवराज मेहता की घटना के बाद सख्त निर्देश दिए थे. लेकिन फिर भी लापरवाही बरती जा रही हैं. 

ये भी पढ़ेंः ग्रेटर नोएडा: टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चार लग्जरी कार भी जब्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Accident, Noida Accident Latest News, Manjhawali Bridge, Greater Noida Accident, Greater Noida Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com