विज्ञापन

मुरादाबाद अंकित हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में गोली लगी; तमंचा-कारतूस बरामद

मुठभेड़ में गोली लगने से निखिल घायल होकर गिर गया. पुलिस उसे इलाज के लिए पहले सीएचसी लेकर पहुंची, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर उसे जिला अस्पताल को रेफर कर दिया.

मुरादाबाद अंकित हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में गोली लगी; तमंचा-कारतूस बरामद
मुठभेड़ में आरोपी निखिल घायल हो गया.

मुरादाबाद अंकित हत्याकांड मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी निखिल चौधरी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है. इस दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. साथ ही पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है. आरोपी निखिल चौधरी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. 

पुरानी रंजिश को लेकर हत्या

पुलिस के मुताबिक, 14 जून को खिताबपुर उर्फ खनुपुरा गांव में पुरानी रंजिश और कोर्ट में चल रहे मुकदमे को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि निखिल चौधरी और उसके भाई विशाल चौधरी ने पहले आशीष नाम के युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया. इसके बाद गांव के ही अंकित को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद थाना कुन्दरकी में हत्या, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसओजी टीम लगातार दबिश दे रही थी.

मुठभेड़ में आरोपी निखिल चौधरी घायल

पुलिस ने बताया कि चेकिंग के दौरान आरोपी बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस भी आरोपी पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी और वो घायल हो गया. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई विशाल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

फरार आरोपी विशाल चौधरी की तलाश जारी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांव के मोनू कुमार और उसके भाई अंकित से पुरानी रंजिश चल रही थी. इसी रंजिश में उसने और उसके भाई ने वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वारदात में इस्तेमाल तमंचा उसी का था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, 10 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी विशाल चौधरी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

ये भी पढ़ें: Yamuna Expressway के लिए जमीन देने वाले किसानों को मिला बड़ा तोहफा, अब जेवर तक कर सकेंगे फ्री यात्रा

ये भी पढ़ें: लखनऊ: पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट, मजदूर महिला की मौत, एक युवक गंभीर घायल 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Moradabad News, UP News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com