NEET-UG 2026 री-एग्जामिनेशन से पहले परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, फर्जी संदेशों और कथित नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए भारत सरकार ने टेलीग्राम पर लगाई गई अस्थायी पाबंदी पर कंपनी के संस्थापक और CEO Pavel Durov ने प्रतिक्रिया दी है. केंद्र सरकार ने 16 जून से 22 जून तक टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है. यह कदम 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 री-एग्जामिनेशन प्रक्रिया के दौरान गलत सूचना और फर्जी दावों के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है. यह कार्रवाई राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की सिफारिश पर की गई है.
15 करोड़ से ज्यादा आम यूजर्स को सजा मिल रही है : पावेल डुरोव
पावेल डुरोव ने X पर पोस्ट किया, 'भारत के IT मंत्रालय ने एक हफ़्ते के लिए टेलीग्राम पर बैन लगा दिया, क्योंकि कुछ यूजर्स ने परीक्षा के लीक हुए सवाल शेयर किए थे. इससे भारत में टेलीग्राम के 15 करोड़ से ज्यादा आम यूजर्स को सजा मिल रही है, न कि उन लोगों को जिन्होंने परीक्षा का मटीरियल लीक किया था. और इस बैन से कुछ भी नहीं रुका. लीक्स दूसरे एप्स पर चली गईं.'
India's IT ministry banned Telegram for one week because some users shared leaked exam questions.
— Pavel Durov (@durov) June 16, 2026
This punishes 150M+ ordinary Telegram users in India — not the insiders who leaked the exam materials.
And the ban hasn't stopped anything. The leaks just moved to other apps. https://t.co/CzQWN4mXfb
वहीं, NTA ने स्पष्ट किया है कि यह कदम किसी नए पेपर लीक की घटना के कारण नहीं उठाया गया है. एजेंसी के अनुसार, परीक्षा से जुड़े फर्जी संदेशों और भ्रामक दावों के कारण अभ्यर्थियों में भ्रम और मानसिक तनाव पैदा हो रहा था, जिसे रोकने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक समझी गई.
गूगल प्ले स्टोर पर ऐप उपलब्ध नहीं
एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, ‘‘ सरकार ने गूगल और एप्पल से ऐप को अस्थायी रूप से हटाने को कहा है. गूगल ने इसे हटा दिया है, एप्पल भी ऐसा करेगी.'' जांच के दौरान गूगल प्ले स्टोर पर यह संदेश दिखाई दिया कि ऐप उपलब्ध नहीं है. इस मामले में गूगल, एप्पल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से पूछे गए सवालों पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली.
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की सिफारिशों पर कार्रवाई करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के तहत आदेश जारी किया है. इसके तहत भारत में टेलीग्राम मंच की पहुंच को एक निर्धारित और सीमित अवधि तक (22 जून, 2026 तक) प्रतिबंधित किया गया है.
यह अवधि नीट (स्नातक) 2026 पुनर्परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद तक लागू रहेगी. एक अलग आदेश में टेलीग्राम को 30 जून तक पहले से भेजे गए संदेशों के लिए संदेश संपादन सुविधा को भारत में निष्क्रिय करने को कहा गया है, ताकि राष्ट्रीय परीक्षाओं से जुड़े कथित ‘‘पेपर लीक'' के बाद बनाए गए साक्ष्यों के दुरुपयोग को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें : NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम बैन पर बोले भूपेंद्र यादव- एक्सपर्ट्स की सलाह पर सरकार ने उठाया कदम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं