विज्ञापन

मिड-डे मील की थाली में सब्जी ढूंढते रह गए बच्चे, UP के स्कूल का वीडियो वायरल

सीतापुर के स्कूल का वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने एक्शन लिया है. साथ ही आगे मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश: सीतापुर के स्कूल का मिड-डे -मिल का वीडियो सामने आया है.

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद तहसील क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय छंगावपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्चों को परोसे जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं. दावा किया जा रहा है कि बच्चों को ऐसी सब्जी दी जा रही है जिसमें पानी अधिक है जबकि सब्जी नाममात्र की दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई.

अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप

गांव के लोगों और बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. उनका आरोप है कि कई वर्षों से बच्चों को इसी तरह का भोजन दिया जा रहा है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ. अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है. उनका मानना है कि यदि बच्चों को पौष्टिक भोजन नहीं मिलेगा तो इसका असर उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों पर पड़ सकता है.

बच्चों ने भी सुनाई अपनी परेशानी

विद्यालय में पढ़ने वाले कई बच्चों ने भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की है. बच्चों का कहना है कि पिछले करीब चार वर्षों से उन्हें दाल और सब्जी में सामग्री कम तथा पानी अधिक मिलता रहा है. बच्चों के इन दावों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है.

ग्राम प्रधान ने जताई नाराजगी

गांव के प्रधान दयाराम ने भी विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता सुधारने को लेकर कई बार स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को कहा गया था, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई. प्रधान ने मांग की है कि यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में बच्चों के साथ ऐसी स्थिति दोबारा न बने.

बेसिक शिक्षा अधिकारी पहुंचे स्कूल

मामले की जानकारी मिलने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल स्वयं प्राथमिक विद्यालय छंगावपुर पहुंचे. उन्होंने स्कूल के शिक्षकों, कर्मचारियों और भोजन बनाने वाली रसोइयों से पूरे मामले की जानकारी ली. प्रारंभिक कार्रवाई के तहत विद्यालय में तैनात शिक्षिका अवंतिका वर्मा को वहां से हटाकर दूसरे विद्यालय में संबद्ध कर दिया गया है. साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में अब नहीं बिकेगा नॉन-डेयरी पनीर, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने लगाया बैन 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sitapur News, Mid-Day Meal, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com