- एयर इंडिया के बोर्ड ने टेवोल्डे गेब्रेमारियम को नया CEO और MD नियुक्त किया
- गेब्रेमारियम ने इथियोपियन एयरलाइंस के CEO के रूप में 10साल से ज्यादा समय तक काम किया
- उन्होंने अफ्रीका की एक रीजनल एयरलाइन को सबसे बड़े और मुनाफा कमाने वाले एयरलाइन ग्रुप में बदला
एयर इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने टेवोल्डे गेब्रेमारियम को एयरलाइन का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त करने का ऐलान किया है. वह कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे. टेवोल्डे गेब्रेमारियम को एविएशन इंडस्ट्री के सबसे सफल अधिकारियों में गिना जाता है. इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के तौर पर अपने दस साल से ज्यादा के कार्यकाल में, उन्होंने कई अरब डॉलर के विस्तार का नेतृत्व किया.
कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम?
टेवोल्डे गेब्रेमारियम को विमानन क्षेत्र के सबसे सफल शीर्ष अधिकारियों में गिना जाता है. इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के रूप में उन्होंने 10 साल से अधिक समय तक काम किया और एयरलाइन के बड़े विस्तार का नेतृत्व किया.
गेब्रेमारियम ने एक रीजनल एयरलाइन को अफ्रीका के सबसे बड़े, सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले और सम्मानित एयरलाइन ग्रुप में बदल दिया. इस दौरान रेवेन्यू चार गुना से ज्यादा और फ्लीट का साइज़ लगभग तीन गुना बढ़ गया.
अब एयर इंडिया का करेंगे नेतृत्व
एयर इंडिया अब शुरुआती सुधारों के चरण से निकलकर तेज विकास और लाभदायक संचालन के दौर में प्रवेश कर रही है. ऐसे समय में गेब्रेमारियम अंतरराष्ट्रीय लंबी दूरी के नेटवर्क के विस्तार, बड़े एविएशन हब विकसित करने, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और परिचालन विश्वसनीयता बढ़ाने का अनुभव साथ ला रहे हैं. उनका रिकॉर्ड कठिन आर्थिक परिस्थितियों और बदलते वैश्विक बाजार में भी लगातार लाभ कमाने का रहा है.
टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा, 'बोर्ड की ओर से मैं टेवोल्डे का एयर इंडिया में स्वागत करते हुए बेहद खुश हूं. कैंपबेल विल्सन के नेतृत्व में स्थिरीकरण, एकीकरण और फ्लीट से जुड़े शुरुआती कार्य पूरे हो चुके हैं. अब एयर इंडिया विस्तार और बेहतर क्रियान्वयन के अहम दौर में प्रवेश कर रही है.'
नए CEO ने क्या कहा?
टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कहा, 'एयर इंडिया के इतिहास के इतने महत्वपूर्ण दौर में इसका नेतृत्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है. एयर इंडिया की शानदार विरासत है और इसे भारत की आर्थिक ताकत को दर्शाने वाली ग्लोबल एयरलाइन बनाना बेहद रोमांचक अवसर है." उन्होंने कहा कि वे चेयरमैन, बोर्ड, कर्मचारियों और सभी साझेदारों के साथ मिलकर परिचालन विश्वसनीयता, भारतीय मेहमाननवाजी और दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने पर काम करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं