विज्ञापन

कोहरे में हुआ हादसा, गोरक्षक फरसा बाबा और ट्रक ड्राइवर की मौत...मथुरा DM

मथुरा के DM C.P. सिंह ने कहा कि फरसा वाले बाबा की मौत सड़क हादसे में हुई है, हत्या की खबरें भ्रामक हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है.

कोहरे में हुआ हादसा, गोरक्षक फरसा बाबा और ट्रक ड्राइवर की मौत...मथुरा DM
  • मथुरा के नवीपुर गांव के पास हाईवे पर घने कोहरे के कारण गोरक्षक संत चंद्रशेखर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई
  • जिलाधिकारी C.P. सिंह ने स्पष्ट किया कि बाबा की मौत हादसे में हुई है और हत्या की कोई खबर गलत है
  • दुर्घटना में ट्रक ड्राइवर की भी मौत, ट्रक से रोजमर्रा का सामान मिला है, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी
मथुरा:

यूपी के मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास दिल्ली–आगरा हाईवे पर रात करीब साढ़े 3 से 4 बजे के बीच घने कोहरे के कारण सड़क हादसा हुआ, जिसमें गोरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा' की मौत हो गई. शुरुआत में बाबा की हत्या की खबरें आ रही थी लेकिन मथुरा के जिलाधिकारी ने साफ कर दिया कि बाबा की जान हादसे में गई है. जिस कंटेनर/ट्रक से टक्कर हुई, उसके ड्राइवर की भी मौत हुई है. बाबा लंबे समय से गौ सेवा से जुड़े रहे और स्थानीय लोगों में उनके प्रति गहरी आस्था रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश भी दिखा.

DM मथुरा C.P. सिंह का आधिकारिक बयान

जिलाधिकारी मथुरा C.P. सिंह ने कहा कि रात में साढ़े तीन से चार के बीच घने कोहरे के कारण बॉर्डर पर बाबा के साथ दुर्घटना हुई और उनकी मौत हो गई. बाबा की हत्या की खबरें पूरी तरह गलत हैं, कृपया किसी भ्रामक सूचना पर यकीन न करें और भावनाओं में न बहें. अगर किसी दूसरे पहलू की बात सामने आती है तो उसकी हर स्तर पर जांच कराई जाएगी. हादसे से कुछ देर के लिए कानून‑व्यवस्था प्रभावित हुई थी जिसे बातचीत कर नियंत्रित कर लिया गया. मौके पर पुलिस और प्रशासन ने धैर्य दिखाया, स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया. बाबा के आश्रम से मिली मांगों पर गंभीरता से विचार हो रहा है, यह हमारा दायित्व है.

‘लाइसेंस/टास्क फोर्स' पर प्रशासन का रुख

DM ने कहा कि शहीद का दर्जा देने और गौरक्षकों के लिए लाइसेंस की मांग उठी है. अगर किसी को लाइसेंस की आवश्यकता होगी तो पात्रता के अनुसार दिया जाएगा. टास्क फोर्स की मांग पर भी हमें कोई आपत्ति नहीं है; सुरक्षा के लिहाज से यहां बॉर्डर लगता है, इसलिए व्यवस्थित समाधान पर काम किया जाएगा.

ट्रक से रोजमर्रा का सामान मिला, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

DM C.P. सिंह के अनुसार, “जिस कंटेनर/ट्रक की बात है, उसमें साबुन, फिनायल और रोजमर्रा का सामान मिला है। कंटेनर नागालैंड नंबर का है। कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाईं और बाहर से आकर हंगामा किया. ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी, किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है.”

हाईवे पर बवाल, पुलिसकर्मियों पर पथराव; स्थिति नियंत्रित

बाबा की मौत की सूचना के बाद दिल्ली–आगरा हाईवे पर कुछ समूहों ने जाम और पथराव किया. कई पुलिसकर्मी घायल हुए. पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए बल और बातचीत दोनों का सहारा लिया. प्रशासन के मुताबिक, नाकाबंदी कर दी गई है और विवादित पोस्ट/अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने कहा कि हादसे को लेकर सभी संभावित पहलुओं वाहन की गति, विजिबिलिटी, ब्रेक‑ट्रेस, सीसीटीवी, कॉल‑डेटा, ट्रैफिक रूटिंग की जांच की जा रही है. फॉरेंसिक/मैकेनिकल इंस्पेक्शन कराया जाएगा. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mathura DM Statement, CP Singh DM Mathura, Baba Death Accident, False Murder Rumours, Delhi Agra Highway Incident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com