लखनऊ के नगराम इलाके के देवती गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट हुआ. हादसे में एक युवा महिला की मौत हो गई. वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. धमाका इतना तेज था कि गोदाम की छत और दीवारें तक उड़ गईं. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए.
देवती गांव में सुबह-सुबह गूंजा धमाका
सोमवार सुबह करीब 11 बजे नगराम के देवती गांव में स्थित एक लाइसेंसी पटाखा गोदाम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गोदाम की कोठरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास के लोग धमाके की आवाज सुनकर मौके पर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई.
मलबे में दबे वाहन, आग की चपेट में आया सामान
विस्फोट के बाद गोदाम में रखा सामान और वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलें मलबे के नीचे दब गईं. कुछ हिस्सों में आग भी लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए. लोगों ने किसी तरह स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था.
घटना के समय गोदाम के पास मौजूद 22 वर्षीय मारिया और युवक मोहित विस्फोट की चपेट में आ गए. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मारिया की मौत हो गई. वहीं मोहित गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है.
पटाखा बनाने की चल रही थी तैयारी
गोदाम के लाइसेंस धारक शफीक ने बताया कि सहालग (शादी के सीजन) को देखते हुए गोला-पटाखा तैयार किया जा रहा था. गोदाम में पहले से बारूद और तैयार सामग्री रखी हुई थी. घटना के वक्त वह मौके पर मौजूद नहीं थे, इसलिए विस्फोट की असली वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसीपी और एसडीएम मौके पर पहुंच गए. अग्निशमन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है, ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके.
लाइसेंसी फैक्ट्री में हादसे पर उठे सवाल
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि यह विस्फोट एक लाइसेंसी फैक्ट्री में हुआ है. उन्होंने कहा कि महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी, जिसकी बाद में मौत हो गई. अब यह जांच का विषय है कि आखिर लाइसेंस होने के बावजूद इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं