गोरखपुर में 10 साल की बच्ची की हत्या के आरोपी निलंबित सिपाही अभिषेक यादव को गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया. जैसे ही आरोपी अस्पताल परिसर में पहुंचा वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों का गुस्सा भड़क उठा. भीड़ ने आरोपी को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की. स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपी को सुरक्षा घेरे में लेकर वहां से बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी को अस्पताल से बाहर ले जाते समय भी लोगों ने उसके पीछे दौड़ लगाई. धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच पुलिस तेजी से आरोपी को लेकर रवाना हुई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
दो दिन पहले बच्ची के अपहरण और हत्या का खुलासा
पुलिस के मुताबिक आरोपी सिपाही अभिषेक यादव पर दो दिन पहले एक 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या करने का आरोप है. बच्ची 28 जुलाई को अपनी बीमार बहन को खाना देने जिला अस्पताल आई थी. घर लौटते समय आरोपी उसका पीछा करते हुए पहुंचा और उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया. जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची को करीब 15 किलोमीटर दूर श्मशान घाट की ओर ले गया. पुलिस को आशंका है कि वहां उसके साथ जबरदस्ती की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया. बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
200 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए 10 टीमें गठित कीं. करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जांच के दौरान बच्ची आरोपी सिपाही के साथ दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. गुरुवार सुबह पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया.
पहले भी गंभीर आरोपों में घिर चुका है आरोपी
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि गाजीपुर निवासी अभिषेक यादव गोरखपुर में डायल-112 में तैनात था. जनवरी 2025 में पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में उस पर कार्रवाई हुई थी और उसे निलंबित किया गया था. बताया जा रहा है कि वह पहले भी जेल जा चुका है.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े कई अहम तथ्य स्पष्ट होंगे. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- ICU भर्ती मां, पिता ने दूध पिलाने के बहाने नवजात बेटी को मार डाला; पोती का शव पोटली में लेकर भटकता रहा दादा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं