गोरखपुर के खजनी थानाक्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम वैभव वर्मा के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.पुलिस ने साजिश में शामिल मुख्य आरोपी के परिवार के दो पुरुष और दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट उर्फ बिट्टू शर्मा पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, अब पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य आरोपियों को भी पकड़कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है. बता दें, गोरखपुर में बीते तीन दिनों में दो मासूमों की अगवा कर हत्या की वारदातों ने सनसनी पैदा कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को वादी ने अपने 10 वर्षीय पुत्र के अचानक लापता होने की सूचना थाना खजनी में दी थी. इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, जांच के दौरान सामने आया कि पड़ोस में रहने वाले सर्वेश भट्ट ने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थाना खजनी की टीम ने लगातार छानबीन की. साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि घटना केवल एक व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई थी. इसमें परिवार और परिचितों की भी भूमिका रही. इसी क्रम में पुलिस ने हरिनरायण शर्मा, सत्येन्द्र कुमार भट्ट उर्फ जिले, अनामिका शर्मा और बबली शर्मा को गिरफ्तार किया.
सभी ने मिलकर रची थी साजिश
पूछताछ में सामने आया कि इन सभी ने मिलकर वारदात की साजिश रची और मुख्य आरोपी का सहयोग किया. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण व हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस ने कहा- किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
इस हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में फैले आक्रोश के बीच पुलिस की कार्रवाई से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली है. हालांकि, मासूम की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में अब भी गहरा गुस्सा व्याप्त है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. इस संबंध में बीएनएस की धारा 103 (1), 238,140 (1), 61(2) से संबंधित आरोपी हरिनारायण शर्मा पुत्र स्व. नन्द गोपाल, सत्येन्द्र कुमार भट्ट उर्फ जिले पुत्र हरिनरायण शर्मा, अनामिका शर्मा पत्नी सर्वेश कुमार भट्ट उर्फ बिट्टू और बबली शर्मा पत्नी सतीश शर्मा को गिरफ्तार किया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं