उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड (Lucknow Fire Tragedy) के बाद अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (ADA) ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में चिन्हित अवैध भवनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
पहले नोटिस जारी किया जाएगा
जानकारी के अनुसार, महानगर क्षेत्र में लगभग 2000 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं, जिन पर डिमोलेशन की कार्रवाई की जाएगी. प्राधिकरण पहले ऐसे भवन स्वामियों और संचालकों को नोटिस जारी करेगा. नोटिस मिलने के बाद संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने और जवाब देने का अवसर दिया जाएगा.
फिर होगी कार्रवाई
ADA अधिकारियों के मुताबिक, अवैध निर्माण करने वालों को 10 से 15 दिन के भीतर नोटिस भेजे जाएंगे. यदि निर्धारित अवधि के भीतर जवाब प्राप्त नहीं होता है अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. नोटिस प्रक्रिया पूरी होने के बाद 45 दिन की कानूनी अवधि समाप्त होने पर अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी.
लखनऊ आगजनी के बाद ADA एक्शन में
बता दें कि लखनऊ हादसे के बाद प्रशासन सुरक्षा मानकों और भवन निर्माण नियमों को लेकर गंभीर नजर आ रहा है. इसी क्रम में अलीगढ़ विकास प्राधिकरण शहर में अवैध रूप से निर्मित इमारतों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य भवनों के खिलाफ अभियान चलाने जा रहा है. प्राधिकरण का बुलडोजर अब ऐसे निर्माणों पर कार्रवाई करेगा जो निर्धारित मानकों और स्वीकृत नक्शों के विपरीत बनाए गए हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के यमुना बाजार में चला बुलडोजर, 310 घर जमींदोज, लोग बोले- '35 साल बाद हम अवैध कैसे?'
ये भी पढ़ें: फर्जी एक्सपोर्ट कंपनी बनाकर देशभर के कारोबारियों से ठगी, दिल्ली पुलिस ने 18 आरोपी को दबोचा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं