उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने कानपुर के घाटमपुर निवासी अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोगों को फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बेचता था. जांच एजेंसियों का दावा है कि इन्हीं फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गुरुग्राम और मुंबई के स्कूलों तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां भेजने के लिए किया गया. जांच के अनुसार, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर कॉन्सर्ट और बॉलीवुड के एक बड़े अभिनेता के घर को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इन धमकियों की जांच के दौरान एजेंसियों को फर्जी ईमेल नेटवर्क की जानकारी मिली, जिसके बाद अंकित शंखवार तक पहुंच बनाई गई.
लैपटॉप में मिले 5 लाख फर्जी ईमेल खातों के रिकॉर्ड
ATS ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है. जांच के दौरान लैपटॉप से कई एक्सेल फाइलें मिलीं, जिनमें करीब 5 लाख फर्जी ईमेल आईडी से जुड़ी जानकारी दर्ज थी. इन फाइलों में ईमेल अकाउंट के पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और सुरक्षा संबंधी अन्य विवरण भी मौजूद थे.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी डिजिटल पहचान तैयार करने के लिए वाई-फाई नेटवर्क और विभिन्न प्रॉक्सी सर्वरों का इस्तेमाल करता था. इसके जरिए वह अपनी गतिविधियों को छिपाने की कोशिश करता था और बड़ी संख्या में ईमेल अकाउंट तैयार करता था.
क्रिप्टोकरेंसी से होता था लेन-देन
ATS की जांच में क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से भुगतान किए जाने की बात भी सामने आई है. आरोप है कि बांग्लादेश के अलामिन इस्लाम नामक व्यक्ति ने कुछ फर्जी ईमेल अकाउंट खरीदने के लिए 6,000 यूएसडीटी का भुगतान किया था. एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं.
फिलहाल ATS यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा धमकी भरे ईमेल भेजने में उनकी क्या भूमिका रही. जांच एजेंसियों का मानना है कि मामले के तार देश और विदेश में सक्रिय कई अन्य लोगों तक भी पहुंच सकते हैं.
यह भी पढ़ें- पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, पति पहुंचा थाने; बोला-पूजा नहीं की तो दे दूंगा तलाक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं