Sovereign Gold Bond: सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) के निवेशकों के लिए खुशखबरी है. दरअसल, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड ने एक बार फिर शानदार रिटर्न का उदाहरण पेश किया है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2020-21 सीरीज II के समय से पहले रिडेम्पशन यानी प्रीमैच्योर रिडेम्पशन के लिए कीमत 13,345 रुपये प्रति ग्राम तय की है. इस सीरीज में निवेश करने वाले लोग 19 नवंबर 2026 से अपना पैसा निकालना शुरू कर चुके हैं.
इस गोल्ड बॉन्ड में ऑनलाइन निवेश करने वाले लोगों को करीब 194 फीसदी का रिटर्न मिला है यानी अगर किसी निवेशक ने उस समय 1 लाख रुपये लगाए थे तो सोने की कीमत में बढ़ोतरी के आधार पर उसके निवेश की वैल्यू अब करीब 2.94 लाख रुपये हो गई है. खास बात यह है कि इस मुनाफे के अलावा निवेशकों को हर साल 2.5 फीसदी ब्याज का फायदा भी मिला है.
4,540 रुपये से बढ़कर 13,345 रुपये प्रति ग्राम हुई कीमत
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2020-21 सीरीज II को 19 मई 2020 को जारी किया गया था. उस समय ऑफलाइन आवेदन करने वाले निवेशकों के लिए एक ग्राम गोल्ड बॉन्ड की कीमत 4,590 रुपये रखी गई थी. वहीं, ऑनलाइन आवेदन करने और डिजिटल पेमेंट करने वालों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिली थी. इस तरह उनके लिए इश्यू प्राइस 4,540 रुपये प्रति ग्राम था. अब आरबीआई ने इस सीरीज के प्रीमैच्योर रिडेम्पशन के लिए कीमत 13,345 रुपये प्रति ग्राम तय की है. इस हिसाब से ऑनलाइन निवेशकों को प्रति ग्राम 8,805 रुपये का फायदा हुआ है. वहीं, ऑफलाइन निवेश करने वालों को प्रति ग्राम 8,755 रुपये का मुनाफा हुआ है.
1 लाख रुपये के निवेश पर कितना मिला रिटर्न?
अगर किसी निवेशक ने मई 2020 में ऑनलाइन माध्यम से करीब 1 लाख रुपये का निवेश किया था तो सोने की कीमत में बढ़ोतरी के आधार पर उसके निवेश की वैल्यू अब लगभग 2.94 लाख रुपये हो गई है. इस तरह निवेशकों को करीब 194 फीसदी का प्राइस रिटर्न मिला है. ऑफलाइन निवेश करने वालों का रिटर्न भी करीब 191 फीसदी रहा है.
गोल्ड बॉन्ड पर हर साल मिलता है 2.5% ब्याज
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की खासियत यह है कि इसमें सोने की कीमत बढ़ने का फायदा मिलने के साथ निश्चित ब्याज भी मिलता है. इस योजना के तहत निवेशकों को उनके शुरुआती निवेश मूल्य पर सालाना 2.5 फीसदी ब्याज दिया जाता है. इसका भुगतान हर 6 महीने में किया जाता है. उदाहरण के लिए, अगर किसी निवेशक ने ऑफलाइन माध्यम से 10 ग्राम गोल्ड बॉन्ड खरीदा था तो उसे कुल 45,900 रुपये चुकाने पड़े थे. इस निवेश पर सालाना ब्याज 1,147.50 रुपये बनता है. 19 मई 2020 से 19 नवंबर 2026 तक यानी साढ़े छह साल की अवधि में इस निवेश पर अनुमानित कुल ब्याज 7,458.75 रुपये होगा. यह ब्याज सोने की कीमत में हुई बढ़ोतरी से मिलने वाले मुनाफे के एडिशनल है.
कैसे तय हुई गोल्ड बॉन्ड की नई कीमत?
आरबीआई के मुताबिक, गोल्ड बॉन्ड की प्रीमैच्योर रिडेम्पशन कीमत तय करने के लिए 999 शुद्धता वाले सोने के पिछले तीन कारोबारी दिनों के बंद भाव का औसत लिया जाता है. ये भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की ओर से जारी किए जाते हैं. 19 नवंबर को रिडेम्पशन के लिए 16, 17 और 18 नवंबर 2026 के सोने के बंद भाव का औसत निकाला गया. इसी आधार पर एक ग्राम गोल्ड बॉन्ड की कीमत 13,345 रुपये तय की गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं