विज्ञापन
This Article is From Feb 03, 2026

प्यार, शादी और फिर कत्ल... 90 दिन भी नहीं चला रिश्ता, पत्नी की हत्या कर पति फरार

कानपुर में प्रेम विवाह के बाद महज तीन महीने में एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पति पर पत्नी की हत्या कर फरार होने का आरोप है, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

प्यार, शादी और फिर कत्ल... 90 दिन भी नहीं चला रिश्ता, पत्नी की हत्या कर पति फरार
कानपुर में 3 माह पुरानी शादी का दर्दनाक अंत
कानपुर:

सात जन्मों का साथ निभाने का वादा और प्रेम विवाह की कसमें महज तीन महीने में ही लड़ाई झगड़े की वजह से टूट गई. कानपुर के पनकी थानाक्षेत्र स्थित रतनपुर रामगंगा एन्क्लेव में सोमवार की रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. यहां लव मैरिज के बाद खुशहाल जिंदगी के सपने देख रही एक नवविवाहिता को उसके ही पति ने मौत की नींद सुला दिया.

पनकी क्षेत्र के रामगंगा एन्क्लेव के एक फ्लैट में सन्नाटा पसरा हुआ है, जो सोमवार देर शाम पुलिस के सायरन से टूटा. इस फ्लैट में शोएब खान उर्फ सौरभ अपनी पत्नी दीपिका सैनी के साथ रहता था. जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और समाज की परवाह न करते हुए उन्होंने अक्टूबर 2025 में लव मैरिज की थी. शादी के शुरुआती कुछ दिन तो ठीक बीते, लेकिन जल्द ही प्यार की जगह कलह ने ले ली. परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे.

सोमवार की देर शाम यह रोज-रोज का झगड़ा एक खूनी अंजाम तक पहुंच गया. आरोप है कि शोएब ने दीपिका की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह बड़ी चालाकी से मौके से फरार हो गया. जब घटना की भनक लगी और पुलिस टीम फ्लैट पर पहुंची, तो वहां दीपिका का शव पड़ा मिला. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स दहल गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, एडीसीपी वेस्ट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान डीसीपी ने आरोपी पति को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया, कि आरोपी का मूल नाम सौरभ था, लेकिन उसका पालन-पोषण मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा किया गया था. इसी परवरिश के चलते उसका नाम सौरभ से बदलकर शोएब खान रख दिया गया था. इसी दोहरी पहचान के साथ वह दीपिका के साथ रह रहा था.

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन का काम पूरा कर लिया है. दीपिका के परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. डीसीपी कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kanpur Murder Case, Love Marriage Murder, Newlywed Woman Killed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com