विज्ञापन

कानपुर: रोड रेज में पिता-बेटे की चाकू गोदकर हत्या, रूह कंपा देगा 38 सेकंड का ये वीडियो

Kanpur Double Murder: कानपुर में रविवार रात हुई घटना दिल दहलादेने वाली है. ऐसा लग रहा है मानो इंसानियत खत्म हो चुकी है. जरा सी बाइक से टक्कर क्या हुई दबंगों ने तो चाकू निकाला और दो लोगों की जान ही ले ली.

कानपुर: रोड रेज में पिता-बेटे की चाकू गोदकर हत्या, रूह कंपा देगा 38 सेकंड का ये वीडियो
कानपुर जबल मर्डर का वीडियो आया सामने.
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार रात बाइक के मामूली टकराने को लेकर शुरू हुए विवाद में दबंगों ने सरेआम एक पिता-बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. इस खौफनाक घटना का एक वीडियो सामने आया है. 38 सेकंड का ये वीडियो सड़क पर लोगों की संवेदनहीनता और बढ़ते अपराधों की भयानक तस्वीर पेश कर रहा है. दो लोगों की हत्या कर दी गईऔर लोग तमाशा देखते रहे. हालांकि आरोपी वारदात के चंद घंटों बाद ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए. 

वीडियो में हत्या का भयावह मंजर कैद

38 सेकंड के वीडियो में उस भयावह मंजर को देखा जा सकता है. दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए तीन आरोपी सड़क के बीचों-बीच बाप-बेटे को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं. आरोपियों ने पहले सफेद शर्ट पहने एक लड़के पर हेलमेट से ताबड़तोड़ हमले किए. जब पिता बेटे की जान बचाने के लिए आगे आए, तो दबंगों ने उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ कई हमले  कर डाले. सीने, पेट और चेहरे पर चाकू लगते ही बुजुर्ग पिता जख्मी होकर मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े. 

दगंबों ने बीच सड़क पर खेला खूनी खेल

शर्मनाक बात यह है कि दबंग जब पिता-बेटे के साथ बीच सड़क पर खूनी खेल खेल रहे थे तो वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने ये सब देख रहे थे. कोई भी उनको बचाने के लिए आगे नहीं आया. राहगीर अपनी-अपनी गाड़ियां रोककर सिर्फ तमाशा देख रहे थे. कुछ लोगों की नींद जब तक खुली तब तक बहुत देर हो चुकी थी. वीडियो के बैकग्राउंड में एक राहगीर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि इसने तो चाकू मार दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

पिता-बेटे की दर्दनाक मौत, एक बेटा घायल

 वीडियो में घायल बेटा खून से लथपथ अपने पिता को पापा-पापा कहकर उठाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है और बहुत रो रहा है. वह लोगों से उनकी मदद करने की गुहार भी लगाता है,  चाकूबाजी की इस खौफनाक वारदात में पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हालत में अस्पताल में भर्ती है. वारदात के वक्त वहां मौजूद कुछ लोगों ने थोड़ी हिम्मत जुटाकर एक आरोपी को पकड़ा और उसे जमकर पीटा फिर पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, दो मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे. 

कानपुर में पिता-बेटे के साथ हुआ क्या?

मामला कानपुर के नौबस्ता इलाके में यशोदा नगर के पास का है. रविवार देर शाम बाइक से मामूली टक्कर होने के बाद 3 लोगों ने पिता-बेटे की हत्या की और फरार हो गए. इस डबल मर्डर से इलाके में खौफ का माहौल है. हमले में पिता शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में घायल हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है. 

बाइक टकराने से बढ़ा विवाद

दरअसल किदवई नगर के रहने वाले शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट के कनक मार्बल में काम करते थे. रविवार शाम तीनों काम से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई. इस दौरान  दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई.

Latest and Breaking News on NDTV

चाकू निकाला और पिता-बेटों पर किए हमले

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दूसरी बाइक पर सवार तीन लड़कों ने एकदम से चाकू निकाला और शिवनारायण और उनके दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए. एक बेटे को हेलमेट से भी पीटा. तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए. इस घटना को कुछ राहगीरों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. अब इसका एक लाइव वीडियो भी सामने आया है. 

ये भी पढ़ें-बाइक की टक्कर से भड़का गुस्सा, कानपुर में दबंगों ने पिता-पुत्र की चाकू-हेलमेट मारकर बेरहमी से ले ली जान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com