विज्ञापन

रसगुल्ला देख रही विपक्षी पार्टी; स्वाभिमान रैली में किसानों, युवाओं और गन्ने पर बोले जयंत चौधरी

सहारनपुर की स्वाभिमान रैली में RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी ने किसानों, युवाओं, गन्ना उत्पादकों और कृषि आधारित उद्योगों के मुद्दों को उठाया. उन्होंने कृषि में तकनीक, एथनॉल और CBG प्लांट के जरिए किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया. वहीं विपक्ष पर भी निशाना साधा.

रसगुल्ला देख रही विपक्षी पार्टी; स्वाभिमान रैली में किसानों, युवाओं और गन्ने पर बोले जयंत चौधरी
सहारनपुर में जयंत का विपक्ष पर तंज, बोले- अभी भी दिख रहा है रसगुल्ला
सहारनपुर:

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज मैदान में गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की स्वाभिमान रैली आयोजित की गई. रैली में पार्टी अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी अपनी पत्नी चारु चौधरी और बेटी सायरा के साथ पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. रैली में करीब 7 से 8 हजार लोगों की मौजूदगी रही. अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने किसानों, युवाओं और गन्ना उत्पादकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार, कौशल विकास और नए अवसरों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की जरूरत पर बल दिया.

युवाओं से कौशल और स्टार्टअप की ओर बढ़ने की अपील

अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने युवाओं को बदलते समय के अनुरूप खुद को तैयार करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि केवल पारंपरिक रोजगार के विकल्पों पर निर्भर रहने के बजाय युवाओं को कौशल विकास, शिक्षा और स्टार्टअप जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार के जरिए युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं, जिससे रोजगार और आत्मनिर्भरता दोनों को बढ़ावा मिलेगा.

किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर

जयंत चौधरी ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए किसानों को नई तकनीक अपनानी होगी. उन्होंने कृषि के साथ अन्य क्षेत्रों से जुड़कर आय के नए स्रोत विकसित करने की बात कही. उन्होंने एथनॉल और कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि पराली, आलू और अन्य कृषि उत्पादों के बेहतर उपयोग से किसानों को अतिरिक्त आमदनी मिल सकती है. इससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ-साथ सस्ती खाद भी उपलब्ध हो सकेगी.

गन्ना मुद्दे पर विपक्ष पर साधा निशाना

रैली में जयंत चौधरी ने गन्ना किसानों के मुद्दे पर विपक्ष को भी घेरा. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों पर गंभीर और ठोस चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उत्पादक किसान के हितों की कीमत पर उपभोक्ता का बहाना नहीं बनाया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कई बार ऐसे बयान देता है, जिनका उद्देश्य केवल अतिरिक्त वोट हासिल करना होता है.

'रसगुल्ला' वाले तंज से बटोरी सुर्खियां

गन्ना मुद्दे पर बोलते हुए जयंत चौधरी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वह इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है. उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि शायद विपक्ष को अभी भी 'रसगुल्ला' दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर विपक्ष को पत्र लिखेंगे और यदि सहमति बनी तो लखनऊ रसगुल्ले का पैकेट भी भेजेंगे.

किसानों की मजबूत आवाज बनने का दावा

रैली के अंत में जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों को अपनी आवाज मजबूती से उठानी होगी. उन्होंने कहा कि किसान हितों की प्रभावी पैरवी करने वाला नेतृत्व समय की जरूरत है. साथ ही उन्होंने किसानों और युवाओं से विकास, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ने का आह्वान किया.

यह भी पढ़ें : 'चौधरी साहब हमें सिखा गए हैं...' राजनीति की ABCD वाले तंज पर जयंत का अखिलेश पर पलटवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jayant Chaudhary, Saharanpur Rally, RLD, Ethanol Plant, Sugarcane Farmers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com