बस्ती शहर के जयपुरिया स्कूल में बुधवार को पेंटिंग कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. स्कूल की तीसरी मंजिल पर काम कर रहा 30 वर्षीय पेंटर अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को पहले बहादुरपुर सीएचसी और बाद में ओपेक हॉस्पिटल कैली में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और सूचना देने में देरी के गंभीर आरोप लगाए हैं.
पेंटिंग करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार कलवारी थाना क्षेत्र के शहरानपुर गांव निवासी 30 वर्षीय वेद प्रकाश नगर थाना क्षेत्र स्थित जयपुरिया स्कूल में पेंटिंग का कार्य कर रहा था. बुधवार दोपहर करीब 3:21 बजे वह स्कूल की तीसरी मंजिल पर काम कर रहा था. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया. हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के तुरंत बाद घायल वेद प्रकाश को बहादुरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक हॉस्पिटल कैली रेफर कर दिया. अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

पेंटर के गिरने का वीडियो
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक के ऊपरी मंजिल से गिरने की घटना कैद बताई जा रही है. फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई. हादसे का वीडियो देखने वाले लोग भी स्तब्ध नजर आए.
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ था, लेकिन इसकी सूचना उन्हें शाम लगभग 7:30 बजे दी गई. परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते समुचित जानकारी और सहायता मिलती तो स्थिति अलग हो सकती थी. उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल, जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्कूल परिसर में कार्य कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. परिजन जानना चाहते हैं कि ऊंचाई पर काम कर रहे श्रमिक के लिए सुरक्षा उपकरण, सेफ्टी बेल्ट और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे या नहीं. मृतक के परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें : 5 सेकंड का Video उड़ा देगा होश! मुंबई में बैरियर तोड़कर कैसे फ्लाईओवर से 50 फीट नीचे गिरी BMW
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं