विज्ञापन

एमपी में ऐतिहासिक तोप के बाद अब कचरा गाड़ी चोरी! सरकारी दफ्तर से ले गए चोर, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में ऐतिहासिक नरवर किले से तोप चोरी के बाद अब कोलारस नगर परिषद की कचरा गाड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है. अज्ञात चोर सरकारी टाटा ट्रिपर वाहन लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है और पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर संदिग्ध दिखाई दिया है.

एमपी में ऐतिहासिक तोप के बाद अब कचरा गाड़ी चोरी! सरकारी दफ्तर से ले गए चोर, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

एमपी के शिवपुरी जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं. कुछ दिन पहले नरवर किले से 500 साल पुरानी सिंधिया राज घराने की ऐतिहासिक तोप चोरी होने का मामला चर्चा में था, वहीं अब कोलारस नगर परिषद कार्यालय से सरकारी कचरा गाड़ी चोरी होने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया है. हैरत की बात यह है कि चोर नगर परिषद परिसर से वाहन लेकर फरार हो गए और उनकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई. इसके बावजूद अभी तक न तो चोरी हुई गाड़ी का पता चल पाया है और न ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं. 

जानकारी के अनुसार, कोलारस नगर परिषद कार्यालय परिसर से 31 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे अज्ञात चोर कचरा उठाने वाली टाटा ट्रिपर गाड़ी (MP33 L 2598) चुरा ले गए. यह वाहन नगर परिषद की नियमित सफाई व्यवस्था में इस्तेमाल किया जाता था. घटना का पता चलते ही नगर परिषद कर्मचारियों ने वाहन की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक चोर काफी आगे निकल चुके थे.

10 मिनट बाद रेलवे स्टेशन रोड पर दिखी गाड़ी

नगर परिषद कर्मचारियों की खोजबीन के दौरान पता चला कि चोरी के करीब 10 मिनट बाद यानी रात 9:40 बजे यह गाड़ी रेलवे स्टेशन रोड पर देखी गई थी. इसके बाद रात लगभग 10 बजे नगर परिषद के एक कर्मचारी ने वाहन को पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पार करते हुए देखा. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी वाहन को जिले से बाहर ले जाने की तैयारी में थे.

CCTV फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध

पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कचरा गाड़ी और उसे चलाकर ले जाता एक संदिग्ध व्यक्ति साफ दिखाई दिया है. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि आरोपी पहले से वाहन की जानकारी रखता था और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया.

CMO ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने कोलारस थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर चोरी की एफआईआर दर्ज करने और वाहन जल्द बरामद करने की मांग की है. नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि यह केवल वाहन चोरी का मामला नहीं है, बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर विषय है.

पुलिस ने शुरू की तलाश

पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही आसपास के इलाकों और संभावित मार्गों पर भी गाड़ी की तलाश की जा रही है.

शिवपुरी में हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी होने का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब नगर परिषद की कचरा गाड़ी चोरी हो गई. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि जब सरकारी कार्यालय और सरकारी संपत्ति ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है.

पुलिस का दावा, जल्द होगी गिरफ्तारी

कोलारस थाना प्रभारी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से घटना की जानकारी दी गई है. पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्ध वाहन के साथ नजर आ रहा है. पुलिस का दावा है कि आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा और चोरी हुई कचरा गाड़ी भी बरामद कर ली जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shivpuri Theft Case, CCTV Viral Video, MP Crime News, Shivpuri News,  Madhya Pradesh Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com