विज्ञापन
This Article is From May 25, 2017

उत्तर प्रदेश : अलग-अलग जगहों पर डूबने से 5 बच्चों समेत 8 की मौत

उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर डूबने से 5 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत के समाचार हैं. ये हादसे कानपुर और लखीमपुर खीरी में हुए. कानपुर में गंगा बैराज में दो दोस्तों की डूबने और एक व्यक्ति की उन्हें बचाने के दौरान डूबने से मौत हो गई.

उत्तर प्रदेश : अलग-अलग जगहों पर डूबने से 5 बच्चों समेत 8 की मौत
कानपुर और लखीमपुर खीरी में नदी के दौरान नहाने से ये हादसे हुए (प्रतीकात्मक चित्र)
  • कानपुर में गंगा बैराज में नहाने आए तीन लोगों की मौत हो गई
  • लखीमपुर-खीरी में उल्ल नदी में 5 बच्चों की डूबने से मौत हो गई
  • एक ही गांव के 5 बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मच गया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर डूबने से 5 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत के समाचार हैं. ये हादसे कानपुर और लखीमपुर खीरी में हुए. कानपुर में गंगा बैराज में दो दोस्तों की डूबने और एक व्यक्ति की उन्हें बचाने के दौरान डूबने से मौत हो गई. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों की लाशें पानी से बाहर निकाल ली गईं. 

जानकारी के अनुसार, जरौली इलाके में रहने वाला शिवम सिंह और अनूप यादव कोहना थाना क्षेत्र स्थित गंगा बैराज में नहाने पहुंचे. गहरे पानी में जाने से दोनों डूबने लगे. दोनों युवकों को डूबता देख वहां नहा रहे बर्रा आठ निवासी विशाल व मोहसिन, हर्ष व सचिन भी एक-एक कर बचाने के लिए गंगा नदी में कूद गए, लेकिन ये सभी भी डूबने लगे. 

आवाज सुनकर किनारे बैठे गोताखोर पहुंचे और गंगा में छलांग लगाकर डूब रहे लोगों को बाहर निकाला। गोताखोरों ने हर्ष, सचिन, मोहसिन को सही सलामत बाहर निकाल लिया. जबकि शिवम, विशाल व अनूप की डूबने से मौत हो गई.

एक अन्य घटना लखीमपुर खीरी में घटित हुई. यहां सदर कोतवाली क्षेत्र के मिदनियां गांव में उल्ल नदी में नहाने गए पांच बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बचाव अभियान चलाया और पांचों बच्चों के शव बाहर निकाले. गांव में एक साथ पांच बच्चों की मौत से कोहराम मच गया है.

सदर कोतवाली क्षेत्र में मिदनिया गढ़ी में उल्ल नदी है. स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण मोहल्ला गोकुलपुरी के पांच बच्चे दोस्त प्रियांश, हिमांशु, अभिषेक, निशांत और अंकित वर्मा उल्ल नदी में नहाने गए थे. लेकिन गहरे पानी में चले जाने से एक बच्चा पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई. बच्चों की उम्र 12 से 14 के बीच है.

(इनपुट आईएएनएस से भी)

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Five Children Drowned, Ullah River, Kanpur Ganga River, Lakhimpur Kheri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com