विज्ञापन

BJP की पदयात्रा के कारण बरेली के स्कूलों में छुट्टी, 25 से 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना पर जारी हुआ आदेश

बरेली में 3 नवंबर को भाजपा की "लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ" यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शहर क्षेत्र के कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार यात्रा में 25 हजार से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है.

BJP की पदयात्रा के कारण बरेली के स्कूलों में छुट्टी, 25 से 50 हजार लोगों के जुटने की संभावना पर जारी हुआ आदेश
फाइल फोटो
NDTV

उत्तर प्रदेश के बरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रस्तावित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर क्षेत्र के कई स्कूलों में 3 नवंबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यात्रा में 25 हजार से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है.

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बरेली की ओर से 2 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, भाजपा की ओर से 3 नवंबर 2026 को बरेली में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. आदेश में बताया गया है कि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार की ओर से भेजे गए पत्र के आधार पर प्रशासन को कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी.

बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण लिया फैसला

आदेश के मुताबिक यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है. अनुमान है कि 25 हजार से 50 हजार तक लोग इस कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं. ऐसे में जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर क्षेत्र बरेली के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है.

किन स्कूलों का अवकाश रहेगा?

यह अवकाश कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों के लिए लागू रहेगा. आदेश में संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. बीएसए कार्यालय से जारी पत्र की प्रति जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है. साथ ही नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.

प्रशासन का कहना है कि बड़ी भीड़ के कारण शहर की सड़कों पर दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है.

यह भी पढ़ें: पराली जलाने के मामलों में आई कमी, फिर भी पंजाब सबसे आगे; 7 राज्यों में कितनी घटनाएं दर्ज हुई?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bareilly, Bareilly News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com