Gorakhnath Temple Janta Darshan: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में पहुंचे.अलग-अलग जिले से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से उन्होंने आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और आश्वस्त किया कि सरकार इलाज कराने में भरपूर मदद करेगी. मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े.
सीएम योगी ने 200 लोगों की सुनी समस्याएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान लगभग 200 लोगों से मुलाकात की. खुद उनके पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं. उनकी प्रार्थना पत्र को अपने हाथों में लेकर उसका अवलोकन कर समस्या, शिकायत का संज्ञान लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वो परेशान न हों, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है. उन्होंने अलग-अलग मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित और हस्तगत किया. साथ ही निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण और समयबद्ध होना चाहिए.

Gorakhnath Temple Janta Darshan: बच्चों को चॉकलेट देते सीएम योगी.
समस्या के समाधान का दिया भरोसा
जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा... साथ ही भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल का एस्टीमेट मिलते ही विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की हर पीड़ा का निवारण सुनिश्चित किया जाए. इसमें किसी भी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए.
CM योगी ने बच्चों को दी चॉकलेट
वहीं जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बाल प्रेम भी देखने को मिला. कुछ महिलाओं के साथ आए बच्चों को उन्होंने दुलार किया. साथ ही बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया. इसके अलावा उन्होंने सभी बच्चों को चॉकलेट दिया.
ये भी पढ़ें; पुणे: 9 साल की नातिन से दरिंदगी की कोशिश करने वाला नाना गिरफ्तार, इलाके में भारी तनाव; SRPF तैनात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं