इंडियन प्रीमियर लीग के अगले संस्करण से पहले कल मंगलवार को खिलाड़ियों की रिटेंशन की डेडलाइन के साथ ही सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने अपने कई स्टार खिलाड़ियों को भी रिलीज कर दिया है. और अब पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि रिलीज किए गए ये खिलाड़ी दिसंबर में होने वाली मिनी ऑक्शन में 8-9 करोड़ रुपये की मोटी रकम हासिल कर सकते हैं. इनमें दो बड़े नाम भारत के लिए खेल चुके दीपक चाहर और न्यूजीलैंड के स्टार लेफ्टी पेसर ट्रेंट बोल्ट हैं. पिछले साल मुंबई ने चाहर को 9.25 करोड़, तो ट्रेंट बोल्ट को 12.50 करोड़ रुपये की मोटी रकम पर खरीदा गया था. और आकाश के अनुसार ये दोनों ही बॉलर मिनी ऑक्शन में अच्छी रकम हासिल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: धोनी का कुल 20 स्टार्ट-अप में निवेश, जानें किस-किस कंपनी में लगा है माही का पैसा
यह भी पढ़ें: धोनी की सबसे शानदार जीत, सबसे सर्वश्रेष्ठ पारी, माही के आईपीएल के 7 सबसे यादगार पल
यू-ट्यूब पर शेयर किए गए वीडियो में भारत के पूर्व ओपनर ने कहा चाहर और आवेश खान को पिछली बार जितनी ही रकम मिल सकती है, तो तुषार देशपांडे के वेतन में थोड़ा इजाफा हो सकता है.' उन्होंने कहा, 'चाहर, आवेश खान और तुषार देशपांडे को रिलीज कर दिया गया है. ये निश्चित रूप से नीलामी के समय लौटेंगे. पंजाब के पास पेसरों का टोटा है. मिचेल स्टार्क दिल्ली से जा चुके हैं, तो पंजाब ने लॉकी फर्ग्युसन को रिलीज कर दिया है. मोहम्मद शमी राजस्थान चले गए हैं और उन्होंने तुषार को रिलीज कर दिया है. वैसे मैं मुंबई के बारे में सोचा रहा था कि आपने दीपक चाहर को क्यों रिलीज किया?'
आकाश बोले, 'जब उन्होंने दीपक और बोल्ट को रिलीज कर दिया है, तो उन्हें पेसरों की जरूरत है. केवल एक ही टीम को पेसरों की जरूरत नहीं है और यह टीम गुजरात है. निश्चित ही, ऐसे में भारतीय और विदेशी पेसरों को मिनी ऑक्शन में अच्छा पैसा मिलेगा. दीपक चाहर को 8-9 करोड़, तो आवेश खान 7-8 करोड़ रुपये पा सकते हैं. वहीं, तुषार देशपांडे के वेतन में थोड़ा इजाफा हो सकता है.' आकाश ने अनुमान लगाते हुए कहा कि तुषार देशपांडे को इस बार 6.50 करोड़ की जगह 7.50 करोड़ वेतन मिल सकता है. वहीं, पिछले साल विवाद के कारण केकेआर से रिलीज कर दिए गए लेफ्टी पेसर मुस्तिफजुर रहमान अगर नीलामी में उपलब्ध रहते हैं, तो वह भी आसानी से 7-8 करोड़ की रकम पा सकते हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं