नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बंद फ्लैटों और मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपए नकद और चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. इसके अलावा पुलिस ने एक आरोपी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपए की धनराशि भी फ्रीज कराई है. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को द क्रिसेंट अपार्टमेंट, सेक्टर-50 नोएडा निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने उनके फ्लैट के साथ ही सोसायटी के एक अन्य फ्लैट में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया था. जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के आसपास सक्रिय करीब 4000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया.
आरोपियों की आवाजाही का पता लगाने के लिए पुलिस ने जनपद के बॉर्डर और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की. लगातार की गई जांच, मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.
19 नवंबर को थाना सेक्टर-49 पुलिस ने मेघदूतम पार्क, सेक्टर-50 नोएडा के सामने से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इनकी पहचान वीरेन्द्र उर्फ सोनू निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली, सन्नी उर्फ सोनू निवासी आजादपुर, दिल्ली और वर्तमान में मुकुंदपुर में रहने वाले तथा जितेन्द्र मौर्य उर्फ मुन्ना निवासी जिला गोंडा के रूप में हुई है.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर की सोसायटियों और सेक्टरों में बंद पड़े मकानों और फ्लैटों की रेकी करते थे. इसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. आरोपी ज्यादातर दिल्ली में चोरी करते थे. 11 और 12 अक्टूबर की रात आरोपी वैगनआर कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर नोएडा पहुंचे थे. उन्होंने सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट सोसायटी की कई बार रेकी की. उस रात बारिश हो रही थी.
आरोपियों ने सोसायटी के कोने में कार खड़ी की और तीन आरोपी दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गए, जबकि उनका एक साथी वीरेन्द्र उर्फ सोनू योजना के मुताबिक कार में ही बैठा रहा. पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी. सोसायटी के अंदर पहुंचने के बाद आरोपियों ने एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान और आभूषण चोरी कर लिए. इसके बाद नीचे स्थित एक अन्य बंद फ्लैट को भी निशाना बनाया और वहां से भी सामान चोरी कर लिया.
वारदात के दौरान आरोपी सामने या बगल वाले फ्लैट की बाहर से कुंडी लगा देते थे, ताकि अंदर मौजूद कोई व्यक्ति बाहर न निकल सके और उनकी गतिविधियों में बाधा न आए. चोरी करने के बाद सभी आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए. पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग स्थानों पर चले जाते थे. कुछ दिन बीतने के बाद सभी एक जगह इकट्ठा होकर चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लेते थे.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वैगनआर कार और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं. इसके अलावा 100 ग्राम वजन का एक सोने का बिस्कुट, करीब 8.5 लाख रुपए कीमत का सोने का हार, लगभग 1.5 लाख रुपए कीमत के दो सोने के ईयर रिंग्स और एक लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं. अन्य बरामद सामान में करीब 3.5 लाख रुपए कीमत की 1 किलो 900 ग्राम वजन की सफेद धातु की सिल्ली, लगभग 1.5 लाख रुपए कीमत की एक घड़ी और करीब तीन लाख रुपये कीमत का सोने का ब्रेसलेट शामिल है.
पुलिस ने चोरी करने में इस्तेमाल होने वाला एक कटर, एक पेचकस, दो प्लास, एक छैनी, तीन टोपी, तीन जोड़ी हैंड ग्लव्स और तीन मास्क भी बरामद किए हैं. इसके साथ ही आरोपी सन्नी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपए फ्रीज कराए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. उसके खिलाफ गोंडा में हत्या और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं. वहीं दिल्ली के वजीराबाद, सब्जी मंडी, लाहौरी गेट और बाड़ा हिंदूराव थानों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं. इसके अलावा सेक्टर-49 नोएडा में भी चोरी के इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
दूसरे आरोपी सन्नी उर्फ सोनू के खिलाफ दिल्ली के रानीबाग, मायापुरी और रोहिणी थानों में चोरी, सेंधमारी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. वहीं वीरेन्द्र उर्फ सोनू के खिलाफ दिल्ली के वसंतकुंज और द्वारका थानों में चोरी और सेंधमारी से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं.
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की दूसरी वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है. पुलिस अब बरामद आभूषणों और अन्य सामान के संबंध में भी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
IANS के इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : IAS विवेक आर्य-IPS अदिति सिंह बने हमसफर, सोशल मीडिया पर छाए शादी के वीडियो-तस्वीरें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं